Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

VIDEO: एक भी घुसपैठिया मिला क्या? कल्याण बनर्जी ने नितिन गडकरी से पूछा सवाल; जवाब पर लगे ठहाके

December 17, 2025

VIDEO: एक भी घुसपैठिया मिला क्या? कल्याण बनर्जी ने नितिन गडकरी से पूछा सवाल; जवाब पर लगे ठहाके

नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान जहां एक ओर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल रही है, वहीं बुधवार को एक ऐसा पल भी सामने आया, जिसने माहौल को कुछ देर के लिए हल्का कर दिया। यह मजेदार बातचीत केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कल्याण बनर्जी के बीच हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घुसपैठियों पर मजाकिया सवाल

न्यूज एजेंसी एएनआई के वीडियो के मुताबिक, टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में चल रही गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर नितिन गडकरी से मजाकिया अंदाज में सवाल किया। उन्होंने घुसपैठियों का जिक्र करते हुए कहा, “घुसपैठियों को बाहर फेंक देंगे… एक भी मिला क्या?” इस सवाल पर नितिन गडकरी मुस्कुरा दिए और कहा कि घुसपैठियों की जिम्मेदारी आपको देते हैं।

 

कानाफूसी और मुस्कान का दौर

इसके बाद कल्याण बनर्जी ने नितिन गडकरी को हल्के से रोककर उनके कान में कुछ कहा। इस पर भी गडकरी मुस्कुराते रहे और अपनी कार की ओर बढ़ गए। इसी दौरान गडकरी ने अपनी कार की ओर इशारा करते हुए बताया कि यह हाइड्रोजन से चलने वाली कार है।

कार पर भी चली चुटकी

नितिन गडकरी की कार की तारीफ सुनकर कल्याण बनर्जी ने चुटकी लेते हुए कहा, “आप क्या करेंगे, इतना लेकर? एक-दो हमारे पास भी भेज दीजिए।” उन्होंने आगे मजाक में यह भी कहा कि, “आप जो अपने नौकर-वौकर के पास भेजते हैं ना, वो हमारे पास भेज दीजिए।” इतना सुनते ही वहां मौजूद सांसद ठहाके लगाने लगे और माहौल पूरी तरह से हंसी-मजाक में बदल गया।

SIR का मुद्दा

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने अगले साल होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू की है। इस प्रक्रिया के तहत अब तक करीब 58 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। 27 अक्टूबर तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 7.66 करोड़ मतदाताओं में से केवल 7.08 करोड़ मतदाताओं के नाम ही मसौदा मतदाता सूची में शामिल किए गए थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें