Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

’11 साल में भारत की अर्थव्यवस्था का DNA बदला’, इंडिया-ओमान बिजनेस फोरम में बोले पीएम मोदी

December 18, 2025

’11 साल में भारत की अर्थव्यवस्था का DNA बदला’, इंडिया-ओमान बिजनेस फोरम में बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इंडिया-ओमान बिजनेस फोरम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने केवल नीतियां नहीं बदलीं, बल्कि अपनी आर्थिक सोच और ढांचे (Economic DNA) को पूरी तरह बदल दिया है। इन सुधारों की वजह से आज भारत दुनिया के सबसे प्रतिस्पर्धी बाजारों में शामिल हो गया है।

यह समझौता आत्मविश्वास देगा, निवेश के नए अवसर खुलेंगे- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि GST (वस्तु एवं सेवा कर) ने पूरे देश को एक एकीकृत बाजार बना दिया है, जिससे व्यापार करना आसान हुआ है। वहीं इन्सॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड (IBC) से वित्तीय अनुशासन आया, पारदर्शिता बढ़ी और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। उन्होंने भारत और ओमान के बीच प्रस्तावित CEPA (कम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट) पर जोर देते हुए कहा कि यह समझौता दोनों देशों की साझेदारी को 21वीं सदी में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास देगा। इससे व्यापार को गति मिलेगी और हर क्षेत्र में निवेश के नए अवसर खुलेंगे।

 

भारत-ओमान के पुराने रिश्तों का जिक्र

प्रधानमंत्री ने भारत-ओमान के पुराने रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा, “मांडवी और मस्कट के बीच अरब सागर सिर्फ पानी नहीं, बल्कि एक मजबूत पुल है, जिसने हमारी संस्कृति और अर्थव्यवस्था को जोड़ा है।” उन्होंने यह भी कहा कि समुद्र की लहरें और मौसम बदल सकते हैं, लेकिन भारत-ओमान की दोस्ती हर समय मजबूत रहती है और लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंचती है।

व्यापार प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के कारोबारी सदियों पुरानी समुद्री व्यापार की परंपरा के उत्तराधिकारी हैं। यह साझेदारी भरोसे पर बनी है, जो समय के साथ और गहरी हुई है। उन्होंने बताया कि भारत और ओमान के राजनयिक संबंधों को 70 साल पूरे हो चुके हैं। यह सिर्फ जश्न का मौका नहीं है, बल्कि भविष्य में इस प्राचीन और समृद्ध रिश्ते को आगे बढ़ाने का अवसर भी है।

 

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में दो दिवसीय दौरे पर ओमान की राजधानी मस्कट पहुंचे हैं। इससे पहले वह जॉर्डन और इथियोपिया की यात्रा कर चुके हैं। यह दौरा ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर हो रहा है। इस यात्रा के दौरान भारत और ओमान के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने, खासकर व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें