Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

पत्नी-बेटी पर हत्या के प्रयास का केस, चाय के बहाने बुलाकर हमला

December 22, 2025

पत्नी-बेटी पर हत्या के प्रयास का केस, चाय के बहाने बुलाकर हमला

जींद। सफीदों शहर के वार्ड नंबर-3 में घरेलू विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब एक व्यक्ति पर घर के अंदर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का प्रयास किया गया। घटना में व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे पड़ोसियों की मदद से तुरंत नागरिक अस्पताल सफीदों में भर्ती कराया गया।

घायल व्यक्ति की पहचान अशोक के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि 20 दिसंबर की शाम वह पास के एक घर में बैठा हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी और बेटी वहां पहुंचीं और उसे चाय पीने के लिए अपने घर बुलाया। अशोक के अनुसार, घर पहुंचते ही अचानक उस पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया गया, जिससे कमरे में धुआं भर गया और वह आग की चपेट में आ गया।

अचानक हुए इस हमले से घबराकर उसने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने आग बुझाई और घायल हालत में उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया।

सूचना मिलने पर सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए। जांच अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला गंभीर पाया गया है, जिसके चलते आरोपी मां-बेटी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें