Himachal weather : हिमाचल प्रदेश की घाटियों में इस समय कुदरत दो अलग-अलग मूड दिखा रही है। एक तरफ शिमला और मनाली जैसे मशहूर टूरिस्ट डेस्टिनेशन चिलचिलाती धूप खिली हैं, तो दूसरी तरफ सूरज ढलते ही कड़ाके की ठंड और तेज़ शीतलहर लोगों को कांपने पर मजबूर कर रही है। सूरज की गर्मी के बावजूद सुबह और शाम के समय टेम्परेचर में भारी गिरावट ने पूरे राज्य को कड़ाके की ठंड की चपेट में है।
मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का ‘येलो अलर्ट’ जारी
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, 24 दिसंबर से प्रदेश के निचले और मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम को कोहरा गहरा रहेगा। इसी वजह से 27 दिसंबर तक कुछ क्षेत्रों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इस दौरान विजिबिलिटी कम रहने की संभावना है, इसलिए वाहन चालकों और यात्रियों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 27 दिसंबर से हिमालयी क्षेत्रों में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके चलते 28 और 29 दिसंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। वहीं, अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा।
तापमान में उतार-चढ़ाव
आने वाले दिनों में तापमान में बदलाव जारी रहेगा। अगले 48 घंटों में रात का तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे रातें और अधिक ठंडी होंगी। इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे दिन में ठंड थोड़ी कम महसूस होगी।