Today Weather Update: देशभर में क्रिसमस के दिन ठंड ने अपना असर और तेज कर दिया है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों तक कड़ाके की सर्दी महसूस की जा रही है। कई इलाकों में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।
मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, पूर्वी भारत में भी अगले तीन दिनों तक तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इस कारण ठंड और अधिक बढ़ने की संभावना है।
कोल्ड डे और घने कोहरे की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। इन राज्यों में शीत लहर की स्थिति भी बनी रह सकती है। इसके अलावा असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भी कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा पड़ रहा है, जहां 27 दिसंबर तक राहत की उम्मीद कम है।
सबसे ठंडा रहा सीकर
मैदानी इलाकों में तापमान लगातार नीचे बना हुआ है। उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी कुछ इलाकों में पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया। पूर्वी राजस्थान का सीकर देश के मैदानी क्षेत्रों में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR का हाल
दिल्ली-NCR में गुरुवार को मौसम साफ रहने और दिन में धूप निकलने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हल्की हवाओं के कारण सुबह बहुत घना कोहरा नहीं छाया, हालांकि शुक्रवार को आंशिक बादल और कुछ इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...