इंटरनेशनल डेस्क: हॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म ‘द लायन किंग’ में अपनी आवाज से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस इमानी दिया स्मिथ का निधन हो गया है। महज 25 साल की उम्र में इमानी की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर फैल गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, इमानी न्यू जर्सी के एडिसन इलाके में एक घर के अंदर गंभीर हालत में पाई गई थीं। उनके शरीर पर चाकू से किए गए कई वार के निशान थे और वह खून से लथपथ थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत न्यू ब्रंसविक स्थित रॉबर्ट वुड जॉनसन यूनिवर्सिटी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: Tamil Nadu Road Accident: टायर फटने पर डिवाइडर पार कर दो कारों से जा टकराई बस, 9 लोगों की गई जान
इस मामले में पुलिस ने इमानी के बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जॉर्डन डी जैक्सन स्मॉल के रूप में हुई है। पुलिस का शुरुआती मानना है कि आपसी विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी के खिलाफ हत्या और अवैध हथियार रखने के आरोप दर्ज किए गए हैं। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।
इमानी दिया स्मिथ ने कम उम्र में ही मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बना ली थी। उन्होंने ‘द लायन किंग’ में ‘यंग नाला’ के किरदार को अपनी आवाज दी थी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। एक बाल कलाकार के रूप में उन्होंने दुनिया भर में लोकप्रियता हासिल की थी। इमानी अपने पीछे माता-पिता, दो छोटे भाई और एक तीन साल के बेटे को छोड़ गई हैं। उनके अचानक और दर्दनाक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और रिश्तों में बढ़ते तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें: Petrol Diesel Price: पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बदलाव हुआ या नहीं? देखें अपने शहर के ताजा रेट