Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

ED Raid In Haryana: हरियाणा में क्रिप्टो फ्रॉड का पर्दाफाश, ED ने 9 ठिकानों पर मारे छापे

December 30, 2025

ED Raid In Haryana: हरियाणा में क्रिप्टो फ्रॉड का पर्दाफाश, ED ने 9 ठिकानों पर मारे छापे

हरियाणा डेस्क। ईडी ने हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और चंडीगढ़ में नौ रिहायशी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई और इसका मकसद फर्जी कंपनी क्रिप्टो वर्ल्ड ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की जांच करना था।

जांच के दौरान ईडी ने कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त किए। इसके अलावा, अपराध से प्राप्त 22.38 लाख रुपए वाले 18 बैंक अकाउंट फ्रीज किए गए और लगभग 4 लाख रुपए नकद भी जब्त किए गए। वहीं, लगभग 3 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियों का भी पता चला है।

ईडी ने यह जांच हरियाणा पुलिस द्वारा विकास कालरा, तरुण तनेजा, कपिल कुमार और पवन कुमार के खिलाफ दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। जांच में पता चला कि आरोपी व्यक्तियों ने मिलकर शहर और आसपास के इलाकों के कई लोगों को क्रिप्टो वर्ल्ड ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने का लालच दिया और करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की। आरोपी लोगों ने भोले-भाले निवेशकों की मेहनत की कमाई हड़पने के लिए एक फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बनाया था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी व्यक्तियों ने बाइनेंस पर क्रिप्टो वॉलेट बनाए थे, जिनमें अलग-अलग निवेशकों से पैसे जमा होते थे। इनके बैंक खातों के विश्लेषण से पता चला कि निवेशकों से मिले पैसे उनके पर्सनल बैंक खातों में आते थे और फिर परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के बैंक खातों के माध्यम से लेन-देन किया जाता था। अपराध से प्राप्त पैसे का उपयोग आरोपी व्यक्तियों ने अपने परिवार के नाम पर अचल संपत्तियां खरीदने में किया।

ईडी ने बताया कि इस मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी आरोपी व्यक्तियों की संपत्तियों और लेन-देन का विश्लेषण किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें