Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा ये ऑस्ट्रेलियाई पूर्व क्रिकेटर, एडम गिलक्रिस्ट ने साझा की जानकारी

December 31, 2025

जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा ये ऑस्ट्रेलियाई पूर्व क्रिकेटर, एडम गिलक्रिस्ट ने साझा की जानकारी

खेल डेस्क: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट से एक बहुत ही दुखद और चिंताजनक खबर सामने आई है। टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज डेमियन मार्टिन इस समय जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहे हैं। 54 साल के मार्टिन दिमागी बुखार (मेनिनजाइटिस) से पीड़ित हैं और उन्हें अस्पताल में इंड्यूस्ड कोमा में रखा गया है। बताया जा रहा है कि बॉक्सिंग डे के दिन अचानक उनकी तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत क्वींसलैंड के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की एक खास टीम उनकी लगातार देखभाल कर रही है।

एडम गिलक्रिस्ट ने दी जानकारी

डेमियन मार्टिन की बीमारी की जानकारी उनके करीबी दोस्त और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट ने दी है। गिलक्रिस्ट ने कहा कि मार्टिन को बेहतरीन इलाज दिया जा रहा है और डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुश्किल समय में मार्टिन की पत्नी अमांडा और उनका परिवार काफी मजबूत बना हुआ है और उन्हें दुनियाभर से मिल रही दुआओं से हिम्मत मिल रही है।

उनके लिए लगातार प्रार्थनाएं की जा रही

मार्टिन की हालत की खबर सामने आने के बाद क्रिकेट जगत से उनके लिए लगातार प्रार्थनाएं की जा रही हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच डैरेन लेहमन ने भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि वह मार्टिन और उनके परिवार के लिए दुआ कर रहे हैं और उम्मीद है कि यह जुझारू खिलाड़ी इस लड़ाई में भी जीत हासिल करेगा। कई पूर्व और मौजूदा खिलाड़ियों ने भी उनके जल्द ठीक होने की कामना की है।

1999 और 2003 में वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे 

डेमियन मार्टिन को अपने समय के सबसे शानदार स्ट्रोक खेलने वाले बल्लेबाजों में गिना जाता था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टेस्ट, 208 वनडे और 4 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। वह 1999 और 2003 में वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी अहम हिस्सा थे।

2003 विश्व कप फाइनल में भारत के खिलाफ खेली गई उनकी नाबाद 88 रनों की पारी आज भी क्रिकेट फैंस को याद है। उस मैच में उन्होंने कप्तान रिकी पोंटिंग के साथ मिलकर 234 रनों की नाबाद साझेदारी की थी, जिसने ऑस्ट्रेलिया को खिताब दिलाया।

डेमियन मार्टिन का क्रिकेट करियर 

अगर उनके करियर के आंकड़ों की बात करें, तो मार्टिन ने टेस्ट क्रिकेट में 4406 रन और वनडे क्रिकेट में 5346 रन बनाए थे। टी20 इंटरनेशनल में भी उनके नाम 120 रन दर्ज हैं। साल 2006 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी वह खेल से जुड़े रहे और क्रिकेट के प्रति उनका प्यार हमेशा नजर आया। फिलहाल पूरा क्रिकेट जगत उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें