साल 2026 के आगमन के अवसर पर चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) और इंटरनेट के माध्यम से नववर्ष का संदेश दिया तथा देश की राजधानी पेइचिंग में देशवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अपने संबोधन में राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कहा कि वर्ष 2025 ‘14वीं पंचवर्षीय योजना’ की अवधि का समापन वर्ष है। उन्होंने पिछले पांच वर्षों की अत्यंत असाधारण यात्रा का सारांश प्रस्तुत करते हुए कहा कि “हमने अपने लक्ष्यों और मिशनों को सफलतापूर्वक संपन्न किया है और चीनी शैली के आधुनिकीकरण की नई यात्रा पर स्थिर व सुदृढ़ कदमों से आगे बढ़े हैं।” उन्होंने मेहनत और समर्पण से योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
राष्ट्रपति शी ने वर्ष 2025 की अविस्मरणीय घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चीन ने इस वर्ष भव्य रूप से जापानी आक्रमण विरोधी युद्ध और विश्व फासीवाद विरोधी युद्ध में विजय की 80वीं वर्षगांठ मनाई तथा थाईवान पर चीन की प्रभुसत्ता की बहाली दिवस की स्थापना की। उन्होंने कहा कि ये ऐतिहासिक क्षण चीनी राष्ट्र के महान पुनरुत्थान की दिशा में सामूहिक शक्ति का प्रतीक हैं। शी चिनफिंग ने आगे कहा कि चीन ने नवाचार के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले विकास को गति दी है।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी के गहन एकीकरण से अनेक सृजनात्मक उपलब्धियां सामने आई हैं, और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बड़े मॉडल तेज़ी से उभरे हैं। चीन की अर्थव्यवस्था का कुल आकार लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और वर्ष 2025 में इसके 1,400 खरब युआन तक पहुंचने की उम्मीद है। सांस्कृतिक एक्सपो और अमूर्त सांस्कृतिक विरासतों के प्रति जनता की रुचि निरंतर बढ़ रही है, जबकि सांस्कृतिक पर्यटन बाज़ार अत्यंत सक्रिय है। परंपरा और आधुनिकता के एकीकरण से चीनी संस्कृति आज और भी विविधतापूर्ण प्रकाश बिखेर रही है। मेहनती चीनी जनता एक साथ मिलकर जीवन को बेहतर बना रही है- व्यक्तिगत ‘छोटे घरों’ की समृद्धि से राष्ट्र रूपी ‘बड़े घर’ की उन्नति और स्थिरता को बल मिल रहा है।
अपने संदेश में शी चिनफिंग ने जोर देकर कहा कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के उत्थान के साथ ही देश की ताकत निहित है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने आत्म-क्रांति को प्रोत्साहित करते हुए शासन और प्रबंधन को सख्ती से लागू किया है, जिसके परिणामस्वरूप पार्टी तथा राजनीतिक प्रणाली की शैली और जनसेवा भावना में निरंतर सुधार आया है। वैश्विक विकास पहल, वैश्विक सुरक्षा पहल और वैश्विक सभ्यता पहल के बाद, राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने वर्ष 2025 में “वैश्विक प्रशासन पहल” का प्रस्ताव रखा जिसका उद्देश्य अधिक न्यायसंगत और उचित वैश्विक शासन प्रणाली के निर्माण को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि चीन सदैव इतिहास के सही पक्ष पर खड़ा रहेगा और विभिन्न देशों के साथ मिलकर विश्व शांति, विकास तथा मानवता के साझे भविष्य वाले समुदाय के निर्माण को आगे बढ़ाएगा। साल 2026 से ‘15वीं पंचवर्षीय योजना’ की नई यात्रा शुरू होगी। शी चिनफिंग ने कहा कि सफलता के लिए सशक्त और सुविचारित शुरुआत आवश्यक है। चीन ठोस कदमों के साथ उच्च गुणवत्ता वाले विकास को प्रोत्साहित करेगा, सुधार और खुलेपन की प्रक्रिया को व्यापक और गहराई तक आगे बढ़ाएगा, सभी लोगों की साझा समृद्धि को बढ़ावा देगा और “चीनी करिश्मा” का नया अध्याय लिखेगा। अपने संदेश के अंत में राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि सभी लोग खुशियों को अपनाएं, कार्यक्षेत्र में सफलता प्राप्त करें और अपनी इच्छाओं को साकार करें।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...