कमल कौर भाभी हत्याकांड के मामले में बड़ी अपडेट सामने आई है। बठिंडा में 4 महीने पहले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर भाभी उर्फ कंचन कुमारी की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, अमृतपाल सिंह को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में लिया गया है और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उसे भारत डिपोर्ट किए जाने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, UAE में वीज़ा से जुड़े दस्तावेजों की जांच के दौरान अमृतपाल सिंह की पहचान की पुष्टि हुई, जिसके बाद स्थानीय एजेंसियों ने उससे पूछताछ शुरू की। इसके बाद भारतीय एजेंसियों को सूचना दी गई और मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई।
लेकिन इन सबके बाद अब बठिंडा पुलिस का बड़ा बयान सामने आया है जहां बठिंडा पुलिस ने इस गिरफ्तारी से साफ इनकार कर दिया है। साल 2025 में कैंट पुलिस स्टेशन बठिंडा में एक लड़की की हत्या के संबंध में केस नंबर 106 दर्ज किया गया था, जिसमें अमृतपाल सिंह मेहरों नाम के व्यक्ति को आरोपी घोषित किया गया था। बठिंडा पुलिस ने यह साफ़ किया है कि अभी तक उनकी गिरफ़्तारी के बारे में कोई ऑफिशियल कन्फर्मेशन या जानकारी नहीं मिली है। अगर ऑफिशियली ऐसी कोई जानकारी मिलती है, तो कानून के मुताबिक ज़रूरी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया गया है कि बठिंडा पुलिस इस आरोपी के डिपोर्टेशन/एक्सट्रैडिशन के लिए सही और कानूनी तरीकों से लगातार कार्रवाई कर रही है।