Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

बंडामुंडा में मालगाड़ी पटरी से उतरी, मुंबई-हावड़ा रूट पर ट्रेनों का संचालन ठप

January 3, 2026

बंडामुंडा में मालगाड़ी पटरी से उतरी, मुंबई-हावड़ा रूट पर ट्रेनों का संचालन ठप

नेशनल डेस्क: चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत बंडामुंडा रेलवे क्षेत्र में शनिवार सुबह एक मालगाड़ी हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना मुंबई-हावड़ा मुख्य रेलमार्ग की अप लाइन पर हुई, जिससे इस रूट पर रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे के बाद अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन ठप पड़ गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बंडामुंडा मुख्य सेक्शन में के-केबिन के सामने किलोमीटर पोल संख्या 408/11 ई के पास सुबह करीब 7:45 बजे हुई। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी एन बॉक्स बंडामुंडा से राउरकेला की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे ट्रेन वहीं खड़ी हो गई।

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर

मालगाड़ी के पटरी से उतरते ही मुंबई-हावड़ा मुख्य रेलमार्ग की अप लाइन पूरी तरह प्रभावित हो गई। इस रूट पर चलने वाली कई ट्रेनें रास्ते में रोक दी गईं या उनके परिचालन में देरी हुई। यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में अफरा-तफरी मच गई। इंजीनियरिंग विभाग और कैरिज एंड वैगन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। राहत और बहाली का काम शुरू कर दिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों को पटरी पर वापस लाने की कोशिश तेजी से जारी है।

यह नए साल में बंडामुंडा रेलखंड पर हुई पहली रेल दुर्घटना बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी इस घटना को गंभीरता से लेने के बजाय इसे दबाने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के लगभग एक घंटे बाद तक भी रेलवे की ओर से किसी तरह का आपातकालीन सायरन या हूटर नहीं बजाया गया।

फिलहाल हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे द्वारा जल्द ही ट्रैक बहाली और यातायात सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: Google Pixel 10 पर भारी छूट, 11 हजार रुपये से ज्यादा बचत का मौका, जानें डिस्काउंट Details

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें