Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली मेट्रो के स्टाफ क्वार्टर में लगी भीषण आग, पति-पत्नी और 10 साल की बच्ची की हुई दर्दनाक मौत

January 6, 2026

दिल्ली मेट्रो के स्टाफ क्वार्टर में लगी भीषण आग, पति-पत्नी और 10 साल की बच्ची की हुई दर्दनाक मौत

नई दिल्ली: दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां दिल्ली मेट्रो (DMRC) के स्टाफ क्वार्टर में अचानक भीषण आग लग गई। इस आग की चपेट में आने से एक पति, पत्नी और उनकी 10 साल की मासूम बच्ची की जलकर मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें रात 2:39 बजे सूचना मिली कि मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्थित DMRC स्टाफ क्वार्टर में घरेलू सामान में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया।

 

पांचवीं मंजिल पर लगी थी आग
बताया जा रहा है कि आग इमारत की पांचवीं मंजिल पर लगी थी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरे फ्लैट में धुआं भर गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और फ्लैट के अंदर दाखिल हुए।

 

जली हुई हालत में मिले तीन शव
जब दमकल की टीम फ्लैट के अंदर पहुंची तो वहां तीन लोगों के शव जली हुई हालत में मिले। सभी को बाहर निकालकर जांच के लिए भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मृतकों की पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान इस प्रकार की है:

-अजय (42 वर्ष)

-नीलम (38 वर्ष)

-जान्हवी (10 वर्ष)

तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे। इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

 

पुलिस कर रही है मामले की जांच
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की तफ्तीश कर रही है।

 

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली में आग लगने से परिवार उजड़ गया हो।

 

दिसंबर 2025 में टिकरी कलां में भी हुई थी पति-पत्नी की मौत
दिसंबर 2025 के शुरुआती हफ्ते में दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में एक दुकान में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 31 साल के विनीत और उसकी पत्नी रेनू की दम घुटने से मौत हो गई थी।

 

बाहर नहीं निकल पाए थे पति-पत्नी
मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय दोनों दुकान के अंदर ही मौजूद थे। आग और धुएं के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही फंस गए। दम घुटने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
विनीत और रेनू उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के रहने वाले थे। उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 10 और 8 साल है। इस हादसे के बाद दोनों बच्चे अनाथ हो गए।

 

ये भी पढ़ेंः इस जिले में पहली महिला ऑटो ड्राइवर की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी पर ₹25 हजार का इनाम

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें