Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

UP Draft Voter List: SIR की ड्राफ्ट लिस्ट जारी, 2.88 करोड़ नाम कटे; ऐसे चेक करें अपना नाम

January 6, 2026

UP Draft Voter List: SIR की ड्राफ्ट लिस्ट जारी, 2.88 करोड़ नाम कटे; ऐसे चेक करें अपना नाम

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। यह सूची आने वाले चुनावों के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। इस बार वोटर लिस्ट से बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं, जिससे प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा के अनुसार, SIR से पहले उत्तर प्रदेश में कुल 15 करोड़ 44 लाख 30 हजार 92 मतदाता दर्ज थे। पहले चरण की SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह संख्या घटकर 12 करोड़ 55 लाख 55 हजार 984 रह गई है। यानी कुल 2 करोड़ 88 लाख 74 हजार 108 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं, जो लगभग 18.70% है।

यह भी देखें:  Tanda ਪੁਲਿਸ ਵੱਲੋ ਲੋਕਾ ਨਾਲ ਧੋਖਾਧੜੀ ਕਰਕੇ ATM ਚੋ ਪੈਸੇ ਚੋਰੀ ਕਰਨ ਵਾਲਾ ਇੱਕ ਦੋਸ਼ੀ ਗ੍ਰਿਫਤਾਰ

किन वजहों से कटे नाम

चुनाव आयोग की जानकारी के मुताबिक 46 लाख 23 हजार 796 मतदाता मृत पाए गए। 79 लाख 52 हजार 190 मतदाता सत्यापन के दौरान अनुपस्थित मिले। 1 करोड़ 29 लाख 77 हजार 472 मतदाता पूरी तरह दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके थे। इन्हीं कारणों से इनके नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं।

SIR प्रक्रिया क्यों बढ़ाई गई

उत्तर प्रदेश में SIR की प्रक्रिया कुछ समय से चल रही थी। चुनाव आयोग ने दो बार इसकी समयसीमा बढ़ाई, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए। प्रशासन का कहना है कि इस दौरान जिला स्तर पर घर-घर जाकर सत्यापन को और मजबूत किया गया।

यह भी पढ़ें: नवनीत राणा के बयान पर ओवैसी ने किया पलटवार, कहा- मेरे 6 बच्चे हैं, तुम 8 बच्चे पैदा करो

नाम नहीं है तो घबराएं नहीं

अगर किसी मतदाता का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं दिख रहा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। चुनाव आयोग ने दावा और आपत्ति दर्ज कराने का पूरा मौका दिया है। यदि नाम गलती से हट गया है या उसमें कोई गलती है, तो उसे सुधरवाया जा सकता है।

एक महीने तक मिलेगा सुधार का मौका

ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद 6 जनवरी से 6 फरवरी तक मतदाता नाम जोड़ने, हटाने या उसमें सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस दौरान आई सभी आपत्तियों और दावों की जांच के बाद ही अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

11 जनवरी को बूथ पर पढ़ी जाएगी वोटर लिस्ट

11 जनवरी 2026 को सभी पोलिंग स्टेशनों पर बूथ लेवल अधिकारी उस बूथ की पूरी वोटर लिस्ट पढ़कर सुनाएंगे, ताकि लोग मौके पर ही अपने नाम की पुष्टि कर सकें।

आसान स्टेप में ऐसे चेक करें अपना नाम

1. चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाएं: (https://voters.eci.gov.in/download-eroll).
2. राज्य, जिला और अपना विधानसभा क्षेत्र चुनें.
3. अपना बूथ सेलेक्ट करें और ड्राफ्ट वोटर लिस्ट डाउनलोड करके नाम चेक करें.

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें