Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में ठंड का कहर, कई इलाकों में पारा माइनस, ब्लैक आइस का खतरा बढ़ा

January 11, 2026

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में ठंड का कहर, कई इलाकों में पारा माइनस, ब्लैक आइस का खतरा बढ़ा

हिमाचल डेस्कः प्रदेश की राजधानी शिमला सहित कुल्लू-मनाली में धूप खिली रहने से अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, लाहौल-स्पीति में तापमान माइनस में चले जाने से नदी-नाले जम चुके हैं। सुबह और शाम के समय सड़कों पर ब्लैक आइस बनने का खतरा बढ़ गया है, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों में भी न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया है। सुंदरनगर, भुंतर, कल्पा, सोलन, मनाली, कुकुमसेरी, रिकांगपिओ, सेऊबाग, बरठीं, ताबो और बजौरा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। इस दौरान कुकुमसेरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 10.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के 23 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। शिमला और धर्मशाला में न्यूनतम तापमान समान रूप से 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सोलन और बजौरा में न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालमपुर और नारकंडा में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मंडी, बरठीं और हमीरपुर में शनिवार को भीषण शीतलहर का प्रकोप देखने को मिला, जबकि बिलासपुर, पालमपुर और कांगड़ा में भी शीतलहर का असर रहा। हालांकि, प्रदेश में कहीं भी कोहरे की स्थिति दर्ज नहीं की गई।

आगामी दिनों का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार प्रदेश में 16 जनवरी तक मौसम साफ बना रहने की संभावना है। 11 से 14 जनवरी के दौरान निचली पहाड़ियों और मैदानी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी जिलों के कुछ क्षेत्रों में मध्यम कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 11 जनवरी को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा सप्ताह भर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि उसके बाद अगले 4 से 5 दिनों में राज्य भर में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही अगले 5 से 6 दिनों में अधिकतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

विभिन्न स्थानों का न्यूनतम तापमान

  • शिमला: 2.6°C

  • सुंदरनगर: -0.2°C

  • भुंतर: -1.0°C

  • कल्पा: -3.6°C

  • धर्मशाला: 2.6°C

  • मनाली: -1.1°C

  • हमीरपुर: 0.8°C

  • कुकुमसेरी: -10.9°C

  • नारकंडा: 0.5°C

  • रिकांगपिओ: -0.8°C

  • सेऊबाग: -2.5°C

  • बरठीं: -0.3°C

  • कसौली: 3.8°C

  • ताबो: -7.9°C

  • नेरी: 5.9°C

  • बजौरा: -0.5°C

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें