Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

इस बार गोली नहीं चूकेगी… ईरान की अमेरिकी राष्ट्रपति को जान से मारने की धमकी

January 16, 2026

इस बार गोली नहीं चूकेगी… ईरान की अमेरिकी राष्ट्रपति को जान से मारने की धमकी

इंटरनेशनल डेस्क: ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की खुली धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। यह धमकी किसी आतंकी संगठन या गुप्त चैनल से नहीं, बल्कि ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल के जरिए दी गई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है।

ईरानी सरकारी टीवी पर एक संदेश दिखाया गया, जिसमें जुलाई 2024 में अमेरिका के पेंसिल्वेनिया के बटलर शहर में हुई ट्रंप की चुनावी रैली की तस्वीर दिखाई गई। इसी रैली के दौरान ट्रंप पर गोली चलाने की कोशिश हुई थी। उस तस्वीर के साथ स्क्रीन पर लिखा गया था कि इस बार गोली नहीं चूकेगी। इस संदेश को विशेषज्ञ अब तक की सबसे सीधी और आक्रामक धमकी मान रहे हैं।

ये भी पढ़ें: ‘जनता को गुमराह कर रहा EC’, राहुल गांधी के आरोप; BJP बोली- हार से ध्यान भटकाने की कोशिश

विशेषज्ञों का कहना है कि यह पहली बार है, जब ईरान की ओर से खुले तौर पर सीधे अमेरिकी राष्ट्रपति को इस तरह की धमकी दी गई है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब ट्रंप प्रशासन ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। ईरानी अधिकारियों का आरोप है कि अमेरिका ईरान में चल रहे आंतरिक विरोध प्रदर्शनों को सैन्य हस्तक्षेप का बहाना बना सकता है। इसी वजह से दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

मध्य पूर्व में अमेरिकी सेना की हलचल तेज

इस धमकी के साथ ही अमेरिका की सैन्य गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने मध्य पूर्व में स्थित अपने सैन्य ठिकानों पर दोबारा सैनिकों की तैनाती शुरू कर दी है। क्षेत्र के सबसे बड़े अमेरिकी एयरबेस में से एक से सैनिकों की आवाजाही देखी गई है। इससे यह आशंका गहराने लगी है कि अगर अमेरिका ईरान पर हमला करता है, तो ईरान भी जवाबी कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगा। इस डर को तब और बल मिला, जब तेहरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जून 2025 में कतर के दोहा के पास स्थित अल उदैद एयरबेस पर किए गए जवाबी हमले का जिक्र किया।

ट्रंप की कड़ी चेतावनी

डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार, 13 जनवरी 2026 को दिए एक इंटरव्यू में ईरान को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान सरकार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा और तेज करती है, खासकर फांसी जैसी कार्रवाइयों को आगे बढ़ाती है, तो अमेरिका जोरदार और कड़ा जवाब देगा। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम चुप नहीं बैठेंगे।

आंतरिक संकट से जूझ रहा ईरान

ईरान इस समय कई मोर्चों पर दबाव में है। सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के नेतृत्व वाली सरकार को एक तरफ घरेलू विरोध प्रदर्शनों का सामना करना पड़ रहा है, तो दूसरी ओर आर्थिक संकट ने हालात और खराब कर दिए हैं। दिसंबर में विरोध प्रदर्शन उस समय भड़क उठे, जब ईरानी मुद्रा रियाल अपनी अब तक की सबसे कमजोर स्थिति में पहुंच गई। अमेरिका और पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों ने ईरान की अर्थव्यवस्था पर भारी असर डाला है।

मानवाधिकार संगठनों का दावा

मानवाधिकार संगठन के अनुसार, अब तक इन विरोध प्रदर्शनों में 2,400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 147 लोग सरकारी या सुरक्षा बलों से जुड़े बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 18,400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया है।

ये भी पढ़ें: School Holiday: 2 दिन बंद रहेंगे स्कूल, सरकार ने जारी किए आदेश, कहा- आदेशों का सख्ती से हो पालन

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें