नेशनल डेस्क: बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों के नतीजे आने के बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) यानी UBT ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने साफ कहा है कि महाराष्ट्र की राजनीतिक लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। उनका कहना है कि यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक मराठी समाज को उसका पूरा सम्मान नहीं मिल जाता।
ये भी पढ़ें: गोविंदा के अफेयर पर पत्नी सुनीता की तीखी प्रतिक्रिया, बोलीं- माफ नहीं करूंगी
शिवसेना (UBT) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है… यह तब तक चलती रहेगी, जब तक मराठी व्यक्ति को उसका हक और सम्मान नहीं मिल जाता।” इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) का गठबंधन सबसे बड़ा गुट बनकर उभरा है। दोनों ने मिलकर BMC में सबसे ज्यादा सीटें जीतीं।
ही लढाई अजून संपलेली नाही…
मराठी माणसाला योग्य सन्मान मिळेपर्यंत अशीच सुरू राहील! pic.twitter.com/anLAhcZls5— ShivSena – शिवसेना Uddhav Balasaheb Thackeray (@ShivSenaUBT_) January 17, 2026
चुनाव आयोग और BMC के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, BJP ने 89 सीटें जीतीं और उसे करीब 11.79 लाख वोट मिले। यह कुल वोटों का 21.58% है। सभी जीतने वाले उम्मीदवारों में BJP का वोट शेयर 45.22% रहा, जिससे वह BMC की सबसे बड़ी पार्टी बन गई। शिवसेना (शिंदे गुट) को 29 सीटें मिलीं और उसे 2.73 लाख वोट मिले। इस तरह BJP-शिंदे गुट का गठबंधन BMC में सबसे मजबूत स्थिति में है।
वहीं दूसरी ओर, शिवसेना (UBT) ने MNS (महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा। शिवसेना (UBT) को 65 सीटें मिलीं और उसे 7.17 लाख वोट मिले। MNS को 6 सीटें और करीब 74,946 वोट मिले। कांग्रेस ने इस चुनाव में 24 सीटें जीतीं। इसके अलावा AIMIM को 8 सीटें, NCP को 3 सीटें, समाजवादी पार्टी को 2 सीटें, और NCP (शरद पवार गुट) को 1 सीट मिली। कुल मिलाकर चुनाव में करीब 54.64 लाख वोट डाले गए। इनमें से 11,677 लोगों ने NOTA का विकल्प चुना।
चुनाव प्रचार के दौरान उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने मराठी भाषा और “मराठी मानुष” की पहचान को बड़ा मुद्दा बनाया। वहीं BJP और शिंदे गुट ने विकास कार्यों को सामने रखा। मेट्रो एक्वा लाइन और कोस्टल रोड जैसे प्रोजेक्ट्स को मतदाताओं ने पसंद किया, जिससे भगवा गठबंधन को फायदा हुआ।
ये भी पढ़ें: जापान दौरे पर जन्मदिन मनाती दिखीं इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत पर BJP-शिवसेना गठबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत “जन-समर्थक सुशासन” और विकास के विज़न का नतीजा है। मुंबई में BJP कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इन चुनावों के बाद BJP और महायुति मिलकर राज्य में 25 मेयर बनाने जा रही है।