Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘असम किसी पाकिस्तानी एजेंट के आगे नहीं झुकेगा’, CM हिमंत बिस्वा सरमा का गौरव गोगोई पर हमला

January 18, 2026

‘असम किसी पाकिस्तानी एजेंट के आगे नहीं झुकेगा’, CM हिमंत बिस्वा सरमा का गौरव गोगोई पर हमला

नेशनल डेस्क: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि असम अब बदल चुका है और राज्य किसी भी “पाकिस्तानी एजेंट” या “अज्ञात ताकतों” के आगे झुकने वाला नहीं है। यह बयान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में नागांव जिले में काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान दिया।

ये भी पढ़ें:  ‘असम की प्रगति से मजबूत हो रही भारत की ग्रोथ स्टोरी’, पीएम मोदी ने रखी काजीरंगा कॉरिडोर की नींव

पाकिस्तानी एजेंट के सामने सरेंडर नहीं करेगा असम- सरमा 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने इस प्रोजेक्ट का विरोध किया था, लेकिन असम के लोग ऐसे किसी भी विरोध या दबाव को स्वीकार नहीं करेंगे। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “यह नया असम है। कोई भी असमी व्यक्ति किसी पाकिस्तानी एजेंट या अज्ञात लोगों के सामने सरेंडर नहीं करेगा। हम प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने दो दिनों में असम को तीन नई ट्रेनें दीं।” मुख्यमंत्री ने असम की सांस्कृतिक पहचान और विकास की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की मौजूदगी में 10,000 कलाकारों ने बागुरुम्बा नृत्य किया। उन्होंने कहा कि इससे असम के आत्म-सम्मान और गौरव को नई पहचान मिली है।

उन्होंने यह भी कहा कि अब असम में हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क में अब कोई भी गैंडे का शिकार करने की हिम्मत नहीं करता। उन्होंने बताया कि करीब 7,000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर पूरा होने के बाद यात्रा का समय लगभग एक घंटे तक कम हो जाएगा।

 

कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट अब हकीकत बन चुके

2026 के असम विधानसभा चुनावों को लेकर भरोसा जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट अब हकीकत बन चुके हैं। इनमें ब्रह्मपुत्र नदी पर पुल, पानी के नीचे बनने वाली सुरंग और काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल हैं। सरमा ने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि ब्रह्मपुत्र पर पुल, अंडरवॉटर टनल और काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर बनेंगे, लेकिन आज ये सब सच हो गया है। 2026 में बीजेपी फिर से असम में सरकार बनाएगी और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए हमारा तोहफा होगा।”

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट की नींव रखी। इस प्रोजेक्ट के तहत नेशनल हाईवे-715 के कालियाबोर-नुमालीगढ़ सेक्शन को चार लेन का बनाया जाएगा। इसकी कुल लागत करीब 6,950 करोड़ रुपये से ज्यादा है। प्रधानमंत्री ने दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। इनमें गुवाहाटी (कामाख्या) से रोहतक और डिब्रूगढ़ से लखनऊ (गोमती नगर) तक चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। करीब 86 किलोमीटर लंबा काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर एक पर्यावरण के अनुकूल नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट है। इसमें 35 किलोमीटर का एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर होगा, जो काजीरंगा नेशनल पार्क से होकर गुजरेगा। इसके अलावा 21 किलोमीटर का बाईपास और 30 किलोमीटर तक मौजूदा सड़क को दो से चार लेन का किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: संकट के बीच ईरान से वापस लौटे कश्मीरी छात्र, परिवार वालों ने जाहिर की खुशी

जानवरों की आवाजाही में रुकावट नहीं आएगी

इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ इलाके की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है। इससे जानवरों की आवाजाही में रुकावट नहीं आएगी और इंसान व वन्यजीवों के बीच टकराव भी कम होगा। यह प्रोजेक्ट नागांव, कार्बी आंगलोंग और गोलाघाट जिलों से होकर गुजरेगा। इसके पूरा होने से ऊपरी असम, खासकर डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया जैसे इलाकों तक पहुंच और आसान हो जाएगी। साथ ही सड़क सुरक्षा बढ़ेगी, दुर्घटनाएं कम होंगी और यात्रियों व माल ढुलाई दोनों को फायदा मिलेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें