Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

एक बार फिर पिता बनने जा रहे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, पत्नी उषा वेंस देंगी चौथे बच्चे को जन्म

January 21, 2026

एक बार फिर पिता बनने जा रहे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, पत्नी उषा वेंस देंगी चौथे बच्चे को जन्म

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के परिवार में जल्द ही एक नया मेहमान आने वाला है। जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस अपने चौथे बच्चे के जन्म की तैयारी कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, बच्चे का जन्म जुलाई के अंत तक होने की संभावना है। खास बात यह है कि दंपति एक बेटे के स्वागत की उम्मीद कर रहे हैं।

जेडी वेंस और उषा वेंस ने इस खुशी को साझा करते हुए एक संयुक्त बयान जारी किया। उन्होंने बताया कि उषा और होने वाला बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। परिवार इस नए सदस्य के आने को लेकर बेहद उत्साहित है और जुलाई के आखिर में बेटे के स्वागत का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। इस मौके पर वेंस परिवार ने उन सैन्य डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का भी आभार जताया, जो इस दौरान उनकी देखभाल कर रहे हैं। देश की सेवा के साथ-साथ परिवार को समय देने में जो सहयोग उन्हें मिलता है, उसके लिए वे सभी कर्मचारियों के आभारी हैं।

ये भी पढ़ें: तेलंगाना में एक बार फिर शर्मसार हुई इंसानियत… अब 100 कुत्तों को दिया गया जहर

व्हाइट हाउस की ओर से भी वेंस परिवार को बधाई दी गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में कहा गया कि यह प्रशासन परिवारों को प्राथमिकता देने वाला है और इस खुशी के मौके पर वेंस परिवार को शुभकामनाएं दी गईं।

बता दें उषा वेंस की उम्र 40 साल है और जेडी वेंस 41 साल के हैं। दोनों की मुलाकात येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। फिलहाल उनके तीन बच्चे 8 साल का इवान, 5 साल का विवेक और 4 साल की बेटी मिराबेल हैं। गौरतलब है कि वेंस दंपति पिछले साल अप्रैल में भारत दौरे पर भी आए थे। यह जेडी वेंस की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा थी। इस दौरान उषा वेंस और उनके तीनों बच्चे भी उनके साथ थे। भारत प्रवास के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात की थी। इसके बाद वे जयपुर और आगरा भी गए थे।

अगर उषा वेंस के करियर की बात करें तो वे पेशे से एक जानी-मानी वकील हैं। उन्होंने अमेरिका के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स और अपीलीय अदालत के न्यायाधीश ब्रेट कवानॉघ के साथ भी क्लर्क के तौर पर काम किया है। उषा वेंस ने येल यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से पोस्टग्रेजुएट डिग्री हासिल की है, जहां उन्हें गेट्स कैम्ब्रिज स्कॉलरशिप भी मिली थी। उषा वेंस के माता-पिता भारतीय मूल के हैं। वे 1970 के दशक में भारत से अमेरिका गए थे। उनके पिता कृष चिलुकुरी सैन डिएगो स्टेट यूनिवर्सिटी के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग में लेक्चरर हैं और उनकी मां लक्ष्मी चिलुकुरी कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, सैन डिएगो में आणविक जीवविज्ञान विभाग में प्रोफेसर हैं।

ये भी पढ़ें: Vivo X200T Vs Oppo Reno 15 Pro: कीमत, परफॉर्मेंस और कैमरा में कौन सा फोन है बेहतर?

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें