Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

शादी समारोह में नाच रहे थे लोग तभी हुआ बम धमाका, 5 की मौत, 10 गंभीर घायल, इलाके में पसरा मातम

January 24, 2026

शादी समारोह में नाच रहे थे लोग तभी हुआ बम धमाका, 5 की मौत, 10 गंभीर घायल, इलाके में पसरा मातम

Pakistan Suicide Attack: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में शुक्रवार रात एक शादी समारोह के दौरान हुए आत्मघाती बम हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया। डेरा इस्माइल खान जिले में शांति समिति के एक वरिष्ठ सदस्य के आवास पर हुए इस विस्फोट में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दस अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह हमला कुरैशी मोड़ के पास शांति समिति के प्रमुख नूर आलम मेहसूद के घर में आयोजित विवाह समारोह के दौरान किया गया। जिला पुलिस अधिकारी सज्जाद अहमद साहिबजादा ने पुष्टि की कि हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब मेहमान जश्न में नाच-गा रहे थे, तभी जोरदार धमाका हुआ, जिससे कमरे की छत ढह गई।

ये भी पढ़ें- दिल्ली से पहाड़ों तक मौसम ने बदली चाल, एक बार फिर जारी हुआ बारिश का अलर्ट

मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने में दिक्कत
विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। छत गिरने के कारण मलबे में दबे लोगों को निकालने में राहतकर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खैबर पख्तूनख्वा रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि सूचना मिलते ही सात एम्बुलेंस, एक दमकल वाहन और एक आपदा राहत इकाई घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, जांच के आदेश
प्रारंभिक जांच में शांति समिति के नेता वहीदुल्लाह मेहसूद उर्फ जिगरी मेहसूद के मृतकों में शामिल होने की बात सामने आई है। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए प्रांत के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जघन्य कृत्य के दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें- आज शनिवार का दिन आपके लिए कैसा रहेगा? जानें 12 राशियों का राशिफल

शांति समितियां लगातार निशाने पर
गौरतलब है कि खैबर पख्तूनख्वा में शांति समितियों को पहले भी निशाना बनाया जाता रहा है। इसी महीने बन्नू जिले में शांति समिति के चार सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले नवंबर 2025 में भी बन्नू में शांति समिति के कार्यालय पर हुए हमले में सात लोगों की जान चली गई थी। इन घटनाओं ने प्रांत में सुरक्षा व्यवस्था और उग्रवाद के खतरे को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें