Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

ईरान की अमेरिका को चेतावनी, कहा- किसी भी तरह का हमला मानी जाएगी पूरी जंग

January 24, 2026

ईरान की अमेरिका को चेतावनी, कहा- किसी भी तरह का हमला मानी जाएगी पूरी जंग

इंटरनेशनल डेस्क: ईरान और अमेरिका के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कड़ी चेतावनी दी है कि अगर तेहरान पर किसी भी तरह का हमला किया गया, तो उसे वह सीधे तौर पर पूरी जंग मानेगा। ईरान का कहना है कि हमला चाहे छोटा हो या बड़ा, उसका जवाब बेहद सख्ती से दिया जाएगा।

यह चेतावनी ऐसे वक्त आई है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका अपने युद्धपोतों का एक बड़ा बेड़ा मध्य पूर्व की ओर भेज रहा है। खबरों के मुताबिक, अमेरिका का विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन और टॉमहॉक मिसाइलों से लैस तीन आधुनिक युद्धपोत इस क्षेत्र में तैनात किए जा रहे हैं। इसके अलावा अमेरिकी वायुसेना ने भी करीब एक दर्जन एफ-15ई लड़ाकू विमान मध्य पूर्व में भेजे हैं।

ये भी पढ़ें: शादी समारोह में नाच रहे थे लोग तभी हुआ बम धमाका, 5 की मौत, 10 गंभीर घायल, इलाके में पसरा मातम

एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा कि अयातुल्ला अली खामेनेई के नेतृत्व वाली सरकार को अमेरिका की ओर से लगातार सैन्य धमकियां मिल रही हैं। ऐसे में ईरान हर हाल में अपनी सुरक्षा करेगा। किसी भी नाम से किया गया हमला चाहे वह सीमित कार्रवाई हो या सैन्य ऑपरेशन ईरान के लिए पूर्ण युद्ध के बराबर होगा।

ईरानी अधिकारी ने यह भी कहा कि इस बार अगर अमेरिका की ओर से कोई कदम उठाया गया, तो ईरान पीछे हटने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि देश का सैन्य बल हाई अलर्ट पर है और किसी भी हालात से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि जवाबी कार्रवाई किस तरह की होगी।

ईरान का कहना है कि जो देश लगातार बाहरी सैन्य दबाव में रहता है, उसके पास अपने सभी संसाधनों का इस्तेमाल करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। अधिकारी ने कहा कि ईरान संतुलन बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। इस बीच ईरान के भीतर भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। नए साल की शुरुआत से ही देश में सरकार विरोधी प्रदर्शन तेज हो गए हैं। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के मुताबिक इन प्रदर्शनों के दौरान अब तक 5,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इन घटनाओं ने ईरान की आंतरिक स्थिति को और भी संवेदनशील बना दिया है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली से पहाड़ों तक मौसम ने बदली चाल, एक बार फिर जारी हुआ बारिश का अलर्ट

ट्रंप के दावोस दौरे से अमेरिका लौटने के बाद यह सारा घटनाक्रम सामने आया है, जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि ईरान और अमेरिका के रिश्तों में एक बार फिर तल्खी बढ़ रही है और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें