Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में कोल्ड वेव और घने कोहरे काअलर्ट, कुछ जगहों पर बारिश के आसार, जानें ताज़ा हालात

January 29, 2026

पंजाब में कोल्ड वेव और घने कोहरे काअलर्ट, कुछ जगहों पर बारिश के आसार, जानें ताज़ा हालात

पंजाब डेस्क: पहाड़ी क्षेत्रों में जारी बर्फबारी का असर अब उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है। पंजाब और चंडीगढ़ इस समय भीषण ठंड की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार, 29 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में कोल्ड वेव और घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

हालांकि दिन के तापमान में औसतन 3.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे बना हुआ है। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अमृतसर में 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इन ज़िलों में शीतलहर का ज़्यादा खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक फाज़िल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में कुछ स्थानों पर कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। इसके अलावा पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली और मलेरकोटला में घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।

कोहरे ने बढ़ाई परेशानी, विजिबिलिटी बेहद कम

बुधवार को पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में घने कोहरे के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा। चंडीगढ़ में दृश्यता घटकर मात्र 40 मीटर रह गई, जबकि बठिंडा में 50 मीटर, फरीदकोट में 150 मीटर और लुधियाना में 190 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई। अमृतसर और फरीदकोट में शीतलहर की स्थिति बनी रही।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, मौसम में बदलाव के संकेत

जम्मू और आसपास के क्षेत्रों में इस समय एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, जो ज़मीन से लगभग 3 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है। इसके चलते हवाओं का चक्रवाती प्रभाव देखा जा रहा है। इसके साथ ही उत्तर भारत के ऊपरी वायुमंडल में करीब 130 नॉट्स की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल रही हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 30 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया मौसम तंत्र सक्रिय हो सकता है, जिससे ठंड में और इज़ाफा होने के साथ-साथ बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना बन रही है।

31 जनवरी से बदलेगा मौसम, बारिश के संकेत

मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार, 31 जनवरी और 3 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 1 फरवरी को कई ज़िलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 2 फरवरी को भी कुछ क्षेत्रों में बारिश दर्ज की जा सकती है।

अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, जबकि इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

ये भी पढ़ें: बारामती में आज डिप्टी CM अजित पवार को अंतिम विदाई, राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

आने वाले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान

30 जनवरी:

फाज़िल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में कोल्ड वेव का असर बना रहेगा। राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छा सकता है। मौसम शुष्क रहेगा।

31 जनवरी:

पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।

1 फरवरी:

पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, पटियाला, मोहाली, तरनतारन, कपूरथला और फतेहगढ़ साहिब में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने के आसार हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें