Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां, बदमाशों ने एक रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी को गोली मार दी। यह हमला खुलेआम एक रेस्टोरेंट के अंदर किया गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घायल अधिकारी का नाम अवधेश कुमार पाठक बताया जा रहा है। वे एयरफोर्स से रिटायर हो चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, वे अपनी पत्नी के साथ शॉपिंग स्क्वायर स्थित एक रेस्टोरेंट चलाते हैं। घटना के समय वे रेस्टोरेंट में ही मौजूद थे। तभी कुछ बदमाश अंदर घुसे और बिना किसी डर के उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। यह पूरा मामला सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और हमलावरों की तलाश की जा रही है। अभी तक गोली मारने की वजह साफ नहीं हो पाई है।
लखनऊ में बढ़ते दबंगों के हौसले
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब लखनऊ में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। हाल ही में एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई थी, जिसमें दबंगों ने एक कारोबारी को गाड़ी से कुचलने की कोशिश की थी।
कारोबारी के पैरों पर चढ़ाई थी थार
यह मामला विभूति खंड थाना क्षेत्र का था। पीड़ित कारोबारी पवन पटेल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह रात करीब 1 बजे समिट बिल्डिंग के एक क्लब से लौट रहे थे। जब वे पार्किंग से अपनी गाड़ी निकाल रहे थे, तभी एक थार गाड़ी में सवार आकाश यादव, मोहित मेवाड़ी और उनके एक साथी वहां पहुंचे।
चेन खींचने की कोशिश, फिर हमला
पवन के अनुसार, थार सवार लोगों ने उनके दोस्त प्रशांत की चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने पवन पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उनके दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए। उनका दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
जीरो टॉलरेंस की नीति पर उठे सवाल
एक तरफ उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अपराध के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ राजधानी लखनऊ में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। रेस्टोरेंट में घुसकर रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी को गोली मारने की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों को कब तक पकड़ पाती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...