Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pm Modi Visit Punjab: पीएम मोदी डेरा सच्चखंड बल्लां में हुए नतमस्तक, कहा- पंजाब की धरती को नमन करता हूं…

February 1, 2026

Pm Modi Visit Punjab: पीएम मोदी डेरा सच्चखंड बल्लां में हुए नतमस्तक, कहा- पंजाब की धरती को नमन करता हूं…

Pm Modi Visit in Punjab : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब दौरे पर पहुंच गए हैं। जहां उन्होंने आदमपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। इसके बाद उन्होंने हलवारा एयरपोर्ट में बने नए टर्मिनल का वर्चुअली उद्घाटन किया और साथ ही आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर श्री गुरु रविदास एयरपोर्ट किया। इसके बाद PM गुरु रविदास जी महाराज की जयंती पर रविदासिया समाज के जालंधर स्थित सबसे बड़े धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेका। जानकारी के मुताबिक, वे करीब 40 मिनट तक डेरा बल्लान में रहेंगे। इस दौरान वे लंगर भी खाएंगे और संगत से मिलेंगे और बातचीत भी करेंगे, जिसकी वजह से संगत में खास उत्साह देखा जा रहा है।

पीएम मोदी डेरा सच्चखंड बल्लां पहुंचे, लोगों को किया संबोधित
पीएम मोदी डेरा सच्चखंड बल्लां पहुंचे। इसके बाद डेरा में नतमस्तक हुए। वहीं, संत निरंजनदास को सम्मानित किया। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां आना मेरा सौभाग्य है। काशी से संत रविदास जी का गहरा रिश्ता है, जो मुझे काशी की सेवा का मौका मिला है। संत रविदास जी ने लोगों को सेवा का मार्ग दिखाया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं पंजाब की इस मिट्टी को नमन करता हूं। आज गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती का पावन अवसर है। मुझे इस पुण्य अवसर पर आप सभी के बीच आने का सौभाग्य मिला है। मैं आप सभी देशवासियों को संत रविदास जयंती और माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देता हूं। मुझे सांसद के रूप में काशी की सेवा करने का सौभाग्य मिला है। काशी के घाटों पर ही संत रविदास जी की शिक्षा प्रकट हुई थी। हम सभी उनसे बहुत प्रेरणा पाते हैं। उन्होंने कहा कि मेरा रिश्ता गुरु रविदास जी की जन्म भूमि काशी से है। मुझे वहां से आशीर्वाद मिला है। काशी करोड़ों लोगों की तीर्थ भूमि है। मैं श्री गोवर्धन जाता हूं तो पंजाब के काफी लोग मिलते हैं। मैं इस बार पंजाब आया हूं यह गुरु रविदासकी इच्छा है और मेरा सौभाग्य है कि मुझे निमंत्रण के लिए डेरा अभिनंदन है।

प्रधानमंत्री ने आज पेश किए गए यूनियन बजट पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि पिछले 11 साल में बहुत सारी दवाएं सस्ती की गई हैं। गरीबों और बुजुर्गों को मुफ्त इलाज की सुविधाएं दी गई हैं। इस बजट में इसी संवेदनशीलता के साथ और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कैंसर के इलाज को और सस्ता करने के लिए अनेक कैंसर दवाओं को और सस्ता किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी का जीवन समरसता, समानता और सामाजिक न्याय का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने अपने विचारों से समाज को नई दिशा दी और भेदभाव के खिलाफ आवाज बुलंद की। आदमपुर एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखना, उनकी शिक्षाओं के प्रति सम्मान और आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों से जोड़ने का प्रयास है।

इस अवसर पर पंजाब के सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, संत समाज, संगत और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। संगत ने गुरु रविदास जी की तस्वीरों और झंडों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक आस्था और सामाजिक सम्मान का संगम साफ नजर आया।

हलवारा एयरपोर्ट का किया था वर्चुअली उद्घाटन

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट टर्मिनल का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस टर्मिनल को पंजाब की एयर कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे इंडस्ट्री, व्यापार और यात्रियों को बहुत फायदा होगा।

पीएम मोदी का दौरा क्यों माना जा रहा है अहम?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डेरा बल्लां जाना इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि बीजेपी अब पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पहले बीजेपी का गठबंधन शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ था। लेकिन 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर यह गठबंधन टूट गया। अब बीजेपी पंजाब में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही है, खासकर दलित वोटरों के बीच। ऐसे में डेरा सचखंड बल्लां का दौरा राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।

डेरा बल्लां का प्रभाव: क्यों है यह इतना महत्वपूर्ण?

डेरा सचखंड बल्लां जालंधर से करीब 8 किलोमीटर दूर बल्लां गांव में स्थित है। इस डेरा को बड़ी संख्या में दलित अनुयायियों का समर्थन प्राप्त है। पंजाब में लगभग 32% आबादी दलित समुदाय की है, जो देश में सबसे ज्यादा है। इन दलितों का बड़ा हिस्सा दोआबा क्षेत्र में रहता है। दोआबा में अनुसूचित जाति (SC) की आबादी करीब 45% है।

चुनावी गणित

पंजाब विधानसभा की कुल 117 सीटों में से 23 सीटें दोआबा क्षेत्र में आती हैं। इनमें से लगभग 19 सीटों पर डेरा बल्लां का प्रभाव माना जाता है। यही कारण है कि चुनाव के समय नेता इस डेरा से जुड़ाव दिखाने की कोशिश करते हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें