Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

नहर टूटने से सैकड़ों किसानों की फसल बर्बाद, पांच गांवों के खेत जलमग्न

February 2, 2026

नहर टूटने से सैकड़ों किसानों की फसल बर्बाद, पांच गांवों के खेत जलमग्न

Jabalpur News: मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी बांध की दाईं तट नहर रविवार को क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आसपास के पांच गांवों के खेत जलमग्न हो गए। घटना ग्राम सगड़ाझपनी के पास हुई। तेज बहाव में पानी ने देखते ही देखते किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद कर दी, और ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

प्रशासन ने तुरंत बंद किया पानी का बहाव
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। नहर से पानी की निकासी तत्काल बंद कर दी गई और सभी आगे के गेट सील कर दिए गए। मौके पर नहर विभाग, पुलिस, पंचायत और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया गया, लेकिन दर्जनों गांवों में बाढ़ की आशंका के कारण लोग दहशत में हैं।

ये भी पढ़ें- हिमाचल में बर्फबारी का आनंद लेते नजर आए टूरिस्ट, 5-7 फरवरी के दौरान बारिश और बर्फबारी की संभावना

 

एसडीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि नहर में भरे पानी को धीरे-धीरे बाहर निकाला जा रहा है। फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। नरई नाला से जुड़े क्षेत्रों में पानी की निगरानी भी की जा रही है ताकि नुकसान का सही आंकलन किया जा सके।

मरम्मत कार्य के लिए प्रशासन तैयार
बरगी बांध की कार्यपालन मंत्री श्रद्धा बंसोडकर ने बताया कि नहर क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही बांध से पानी की सप्लाई बंद कर दी गई। जलस्तर तेजी से घटा और 11, 17 और 25 किलोमीटर के प्वाइंट से पानी रिलीज कर नहर में भरे पानी को कम किया गया। पानी पूरी तरह निकलने के बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा और आवश्यक सामग्री की व्यवस्था कर ली गई है।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर प्रभावित गांवों में फसलों के नुकसान का सर्वे शुरू कर दिया गया है। किसानों ने बताया कि नहर की जर्जर स्थिति को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय पर मरम्मत न होने से यह हादसा हुआ।

ये भी पढ़ें- T20 World Cup 2026: बॉयकॉट के फैसले पर ICC ने PCB को चेताया, कहा- पाकिस्तान टीम…

 

मंत्री राकेश सिंह ने राहत के निर्देश दिए
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कलेक्टर से चर्चा कर फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे करने और प्रभावित किसानों को राहत राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन को सतर्क रहने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने का भी आदेश दिया।

फिलहाल प्रशासन पूरी तरह स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है। राहत की बात यह है कि किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई, लेकिन किसानों की बर्बाद फसल ने क्षेत्र में चिंता और नाराजगी बढ़ा दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें