दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों गुरुग्राम में अपनी आने वाली फिल्म ‘खोसला का घोसला 2’ की शूटिंग कर रहे हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात कॉलेज के दिनों के म्यूजिक टीचर प्रोफेसर सोम दत्त बट्टू से हुई, जिसने उन्हें भावुक कर दिया।
अनुपम खेर ने इस खास मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान जब उनके टीचर को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने मिलने की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों की मुलाकात हुई।
वीडियो के साथ अभिनेता ने लिखा कि 53 साल बाद अपने म्यूजिक टीचर से मिलना उनके लिए बेहद भावुक पल था। प्रोफेसर सोम दत्त बट्टू 1972-73 में शिमला में उनके शिक्षक थे और कॉलेज के नाटकों के लिए संगीत भी तैयार करते थे।
अनुपम खेर ने लिखा कि उनके टीचर उन्हें बार-बार ‘बेटा’ कहकर बुला रहे थे। उन्होंने कहा कि इस उम्र में मां के अलावा बहुत कम लोग उन्हें ‘बेटा’ कहकर पुकारते हैं, इसलिए यह पल उनके लिए बेहद खास बन गया।
अभिनेता ने अपने गुरु के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पुराने दौर के शिक्षक सिर्फ पढ़ाते नहीं थे, बल्कि जिंदगी के अहम सबक भी सिखाते थे। उन्होंने प्रोफेसर सोम दत्त बट्टू को उनके प्यार, मार्गदर्शन और सीख के लिए दिल से धन्यवाद दिया।
फिल्म ‘खोसला का घोसला 2’ साल 2006 में आई सुपरहिट फिल्म ‘खोसला का घोसला’ का सीक्वल है। पहली फिल्म एक मध्यमवर्गीय परिवार की कहानी थी, जो अपनी जमीन बचाने के लिए भू-माफिया से संघर्ष करता है।
फिल्म का निर्देशन दिबाकर बनर्जी ने किया था और इसमें अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी और विनय पाठक जैसे कलाकार नजर आए थे। अब इसके सीक्वल में पुराने कलाकारों के साथ कुछ नए चेहरे भी देखने को मिलेंगे, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।