Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

बद्दोवाल के युवक की संदिग्ध हालात में मौत, पिता ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

February 8, 2026

बद्दोवाल के युवक की संदिग्ध हालात में मौत, पिता ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

मुल्लांपुर दाखा : गांव बद्दोवाल के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जगजीत सिंह उर्फ जोबन पुत्र अमनदीप सिंह निवासी गांव बद्दोवाल के रूप में हुई है। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि जगजीत सिंह को उसके दोस्तों ने पीट-पीटकर मार डाला है। घटना की सूचना मिलने के बावजूद भी पुलिस के मौके पर न पहुंचने से गुस्साए परजिनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर लुधियाना-फिरोजपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

मृतक के पिता अमनदीप सिंह ने बताया कि विगत दिवस गांव बद्दोवाल में हुई लड़ाई के एक मामले में उनके पुत्र जगजीत सिंह को दाखा पुलिस द्वारा नामजद किया गया था और आज उसे पुलिस अधिकारियों के समक्ष पेश किया जाना था। उन्होंने बताया कि जगजीत सिंह रात को खाना खाने के बाद अपने दोस्तों के साथ एक अन्य दोस्त के घर मिलने नजदीकी दूसरे गांव गया था। सुबह उन्हें फोन आया कि उनका बेटा उठ नहीं रहा है। इस पर उन्होंने फोन करने वालों से कहा कि वह उसे अस्पताल ले आए। जब वह अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने जगजीत सिंह को मृतक घोषित कर दिया। परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस घंटों तक मौके पर नहीं पहुंची।

पुलिस की देरी से नाराज होकर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर हाईवे जाम कर दिया। इस जाम दौरान पूर्व सांसद अमरीक सिंह अलीवाल भी फंस गए। उन्होंने परिवार से बातचीत की और मौके पर पहुंचे एस.एच.ओ. हमराज सिंह चीमा से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी हमराज सिंह चीमा द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने उपरंत ही अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें