Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘केनेडी’ का किरदार मेरे लिए बेहद खास, इससे बहुत कुछ सीखने को मिला: राहुल भट्ट

February 9, 2026

‘केनेडी’ का किरदार मेरे लिए बेहद खास, इससे बहुत कुछ सीखने को मिला: राहुल भट्ट

फिल्म निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप की फिल्म ‘केनेडी’ 20 फरवरी को जी5 पर प्रीमियर होने जा रही है। फिल्म का ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसमें हिंसा, दर्द और मुक्ति की तलाश से भरी कहानी की झलक देखने को मिलती है। इस फिल्म में अभिनेता राहुल भट्ट अहम भूमिका में नजर आएंगे और उन्होंने अपने किरदार को लेकर खुलकर बात की है।

ट्रेलर एक गहरी और सख्त दुनिया में ले जाता है, जहां खामोशी, गुस्सा और जिंदा रहने की जद्दोजहद हर पल नजर आती है। अपने किरदार के बारे में राहुल भट्ट कहते हैं कि केनेडी का रोल निभाते हुए वह खुद भी काफी बदल गए। उनके मुताबिक, केनेडी बेहद अकेला, गुस्सैल और अंदर से टूटा हुआ इंसान है, जो लगातार अपने अतीत से भागने की कोशिश करता है। उसकी खामोशी और गुस्से के बीच जीने की उम्मीद कमजोर और थकाने वाली है, लेकिन बहुत कुछ सिखाती भी है। राहुल का कहना है कि दर्शकों का जुड़ाव देखकर उनका आत्मविश्वास और बढ़ा है और अब वह बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि दर्शक केनेडी के दर्द, उसकी यात्रा और आजादी की तलाश को कैसे देखते हैं।

फिल्म की कहानी मुंबई के अंडरवर्ल्ड की पृष्ठभूमि पर आधारित है। केनेडी उर्फ उदय शेट्टी, जिसे राहुल भट्ट ने निभाया है, एक पूर्व पुलिस अधिकारी है, जो अब कॉन्ट्रैक्ट किलर बन चुका है। वह कैब ड्राइवर बनकर दोहरी जिंदगी जीता है और भ्रष्ट पुलिस कमिश्नर रशीद खान के लिए काम करता है। बेटे को खोने और टूटे परिवार के दर्द से गुजरते हुए केनेडी एक ऐसे शहर में फंस जाता है, जहां उसका अतीत सामने आ जाता है। बम धमाकों, वसूली और ताकतवर लोगों की साजिशों के बीच उसकी जिंदगी और उलझ जाती है, और यहीं से सच्चाई, बदले और आजादी की हिंसक दौड़ शुरू होती है।

फिल्म में दमदार एक्शन और मजबूत विजुअल्स देखने को मिलेंगे। अनुराग कश्यप के मुताबिक, ‘केनेडी’ उनकी सबसे खास फिल्मों में से एक है। इसका सफर लंबा रहा, लेकिन फिल्म फेस्टिवल्स में मिले रिएक्शन ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे सही रास्ते पर थे। उन्होंने कहा कि ट्रेलर दर्शकों को केनेडी की उस दुनिया से मिलवाता है, जहां वह बाहर से हिंसक दिखता है, लेकिन अंदर से गहरे जख्म लिए हुए है। उन्हें खुशी है कि जी5 इस फिल्म को बिना किसी कट के दर्शकों तक ला रहा है।

फिल्म में सनी लियोन भी अहम भूमिका में हैं। अपने किरदार चार्ली के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘केनेडी’ ने उन्हें एक एक्टर के तौर पर एक बिल्कुल नई भावनात्मक जगह पर चुनौती दी। चार्ली रहस्यमयी होने के साथ-साथ नाजुक और मजबूत भी है। अनुराग कश्यप के साथ काम करके उन्होंने खामोशी पर भरोसा करना सीखा। सनी के मुताबिक, यह अनुभव चुनौतीपूर्ण होने के साथ संतोषजनक भी रहा और वह दर्शकों को इस अंधेरी लेकिन खूबसूरत दुनिया से रूबरू कराने का इंतजार कर रही हैं।

फिल्म में मोहित टकलकर, मेघा बर्मन, आमिर दलवी, अभिलाष और करिश्मा मोदी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अनुराग कश्यप की ‘केनेडी’ 20 फरवरी से जी5 पर स्ट्रीम की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें