हिमाचल डेस्कः प्रदेश में सोमवार से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। प्रदेश के उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति सहित कुल्लू, चंबा, मंडी और शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार को बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। 10 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग ने 10 फरवरी को प्रदेश के कुछ जिलों में अंधड़ चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 11 फरवरी से मौसम के साफ रहने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें :-
रविवार को राजधानी शिमला सहित पूरे प्रदेश में धूप खिली रही। इस दौरान ऊना में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंडी में 23.9, कांगड़ा में 23.7, नाहन और धर्मशाला में 22.0, शिमला में 17.5, सुंदरनगर में 24.0, भुंतर में 22.3, कल्पा में 8.4, सोलन में 20.0 और मनाली में 15.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय होगा। इसका सबसे ज्यादा असर 10 फरवरी को ऊंचे क्षेत्रों में देखने को मिलेगा, जहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हिमपात और वर्षा होने की संभावना है। निचले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
रविवार को मंडी में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता लगभग 100 मीटर तक सीमित रही। ताबो में 39 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। प्रदेश में सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 13.4 डिग्री सेल्सियस जबकि सबसे अधिक तापमान ऊना में 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक का अंतर देखा गया है। भरमौर में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री और पालमपुर में दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि देहरा गोपीपुर में तापमान दो डिग्री सेल्सियस गिरा है।
ये भी देखें :-