एंटरटेनमेंट डेस्क: टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री सुरभि ज्योति ने अपने फैंस के साथ एक बड़ी खुशखबरी साझा की है। ‘कुबूल है’ और ‘नागिन’ जैसे चर्चित धारावाहिकों से घर-घर में पहचान बनाने वाली सुरभि जल्द ही मां बनने वाली हैं। शादी के करीब डेढ़ साल बाद उन्होंने पति सुमित सूरी के साथ यह खुशी सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
11 फरवरी 2026 को सुरभि ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक प्यारी सी तस्वीर पोस्ट की। फोटो में उनके और उनके पति सुमित के पैर दिखाई दे रहे हैं और बीच में छोटे-से बेबी शूज रखे हुए हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा- ॐ… हमारी जिंदगी का सबसे खूबसूरत सफर शुरू होने जा रहा है। हमारा छोटा सा प्यार जून 2026 में आने वाला है। यह पोस्ट सामने आते ही फैंस भावुक हो गए और कमेंट सेक्शन में शुभकामनाओं की भरमार लग गई।
View this post on Instagram
बताया जा रहा है कि सुरभि इस समय अपने पहले ट्राइमेस्टर में हैं और इस खास दौर को पूरे उत्साह और खुशी के साथ जी रही हैं। वह अपनी सेहत का खास ध्यान रख रही हैं और परिवार के साथ समय बिता रही हैं। सुरभि ज्योति और सुमित सूरी की शादी 27 अक्टूबर 2024 को उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में हुई थी। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। उनकी शादी सादगीपूर्ण लेकिन बेहद खूबसूरत अंदाज में करीबी दोस्तों और परिवार की मौजूदगी में हुई थी। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं और सुरभि का ब्राइडल लुक खासा चर्चा में रहा था।
बता दें सुमित सूरी पेशे से बिजनेसमैन हैं और सुरभि के हर फैसले में उनका साथ देते नजर आते हैं। अब परिवार में नए सदस्य के आने की खबर ने दोनों की जिंदगी में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। सुरभि की करियर यात्रा भी प्रेरणादायक रही है। पंजाब के मोगा से निकलकर उन्होंने मुंबई में अपने दम पर पहचान बनाई। टीवी शो ‘कुबूल है’ में उनके किरदार ने उन्हें लोकप्रियता दिलाई। इसके बाद ‘नागिन 2’ में बेला के रोल ने उन्हें बड़ी सफलता दिलाई और वह टीवी की टॉप अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं। उन्होंने कई अन्य सीरियल्स में भी काम कर अपनी प्रतिभा साबित की।