Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

हालातों को चुनौती देते हुए बनीं सफलता की मिसाल, मधुबाला की कहानी

February 13, 2026

हालातों को चुनौती देते हुए बनीं सफलता की मिसाल, मधुबाला की कहानी

हिंदी सिनेमा में मधुबाला का नाम आज भी एक चमकती हुई मिसाल की तरह लिया जाता है। पर्दे पर उन्होंने हमेशा प्यार, नजाकत और आकर्षण का एहसास कराया, लेकिन उनके निजी जीवन में संघर्ष और जिम्मेदारियों का बोझ हमेशा रहा।

मधुबाला का जन्म 14 फरवरी, 1933 को दिल्ली में मुमताज जहां बेगम देहलवी नाम से हुआ। उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था, जिससे बचपन में ही उन्हें परिवार की जिम्मेदारियां संभालनी पड़ीं। नौ साल की उम्र में उन्होंने फिल्मों में काम करना शुरू किया ताकि घर का खर्च चल सके। यह उनके लिए केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जीविका का माध्यम था।

उनका करियर 1942 में फिल्म ‘बसंत’ से शुरू हुआ। इस फिल्म के बाद उनका नाम मुमताज से बदलकर मधुबाला रखा गया। इसके बाद वह जल्दी ही निर्माता और निर्देशक की पसंद बन गईं। 1950 का दशक उनके करियर का सुनहरा दौर रहा, जिसमें ‘महल’, ‘तराना’, ‘हावड़ा ब्रिज’, ‘चलती का नाम गाड़ी’ और ‘हाफ टिकट’ जैसी फिल्मों ने उन्हें स्टार बना दिया। रोमांटिक हो या कॉमेडी, मधुबाला हर किरदार में अपनी अलग पहचान बनाती थीं। उस समय अधिकांश अभिनेत्रियों को सीमित भूमिकाएं मिलती थीं, लेकिन मधुबाला ने अपनी शर्तों पर काम किया और अपनी फीस भी खुद तय की।

उनकी सबसे बड़ी कामयाबी फिल्म ‘मुगल-ए-आजम’ रही। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान वह गंभीर दिल की बीमारी से जूझ रही थीं, फिर भी उन्होंने शूटिंग पूरी की और कभी भी अपने काम को बीच में नहीं छोड़ा।

हालांकि बीमारी ने धीरे-धीरे उनके करियर को सीमित किया, लेकिन उन्होंने कभी अपने जुनून और मेहनत को पीछे नहीं छोड़ा। 23 फरवरी, 1969 को महज 36 साल की उम्र में उनका निधन हो गया।

आज भी मधुबाला को उन अभिनेत्रियों में गिना जाता है, जिन्होंने चुनौतियों और कठिन हालातों के बावजूद हिंदी सिनेमा में अपनी अमिट छाप छोड़ी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें