Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Credit Card लेने जा रहे हैं? इन 4 बातों का रखें खास ध्यान, नहीं तो पड़ सकता है महंगा

February 14, 2026

Credit Card लेने जा रहे हैं? इन 4 बातों का रखें खास ध्यान, नहीं तो पड़ सकता है महंगा

Credit Card Rules: आज के डिजिटल युग में क्रेडिट कार्ड लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। खासकर नौकरीपेशा लोगों के बीच इसका उपयोग तेजी से बढ़ा है। बिजली-पानी के बिल, ऑनलाइन शॉपिंग, यात्रा बुकिंग या रोजमर्रा के खर्च—हर जगह क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल आम हो गया है।

हालांकि, अगर आप पहली बार क्रेडिट कार्ड ले रहे हैं या नए यूजर हैं, तो इसका सही तरीके से इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। समझदारी से उपयोग किया गया क्रेडिट कार्ड आपके क्रेडिट स्कोर को मजबूत बनाता है और वित्तीय अनुशासन भी सिखाता है। आइए जानते हैं चार महत्वपूर्ण बातें, जिनका ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

1. सिर्फ मिनिमम ड्यू भरने की गलती न करें

अक्सर लोग पूरा बकाया चुकाने की बजाय केवल ‘मिनिमम ड्यू’ का भुगतान कर देते हैं। इससे लेट फीस से तो बचाव हो जाता है, लेकिन बाकी रकम पर भारी ब्याज जुड़ता रहता है। समय के साथ यह बकाया बढ़ता जाता है और वित्तीय बोझ बन सकता है। इसलिए कोशिश करें कि हर महीने पूरा बिल चुकाएं।

2. समय पर बिल भुगतान है सबसे जरूरी

क्रेडिट कार्ड का भुगतान समय पर करना आपकी वित्तीय साख के लिए बेहद अहम है। एक-दो दिन की देरी भी आपके क्रेडिट स्कोर पर नकारात्मक असर डाल सकती है।

अगर आपको बिल की तारीख याद रखने में परेशानी होती है, तो मोबाइल रिमाइंडर या ऑटो-डिबिट की सुविधा का उपयोग करें। समय पर भुगतान की आदत आपके जिम्मेदार व्यवहार को दर्शाती है।

3. लिमिट का 30-40% ही करें इस्तेमाल

विशेषज्ञों के मुताबिक, क्रेडिट कार्ड की पूरी लिमिट खर्च करना सही नहीं माना जाता। बेहतर क्रेडिट स्कोर के लिए सलाह दी जाती है कि आप अपनी कार्ड लिमिट का सिर्फ 30 से 40 प्रतिशत तक ही उपयोग करें।

उदाहरण के तौर पर, यदि आपके कार्ड की लिमिट 1 लाख रुपये है, तो 30 से 40 हजार रुपये तक खर्च करना सुरक्षित माना जाता है। इससे आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो संतुलित रहता है।

ये भी पढ़ें: Khatu Shyam Mandir: श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर, इस दिन बंद रहेंगे खाटू श्याम मंदिर के कपाट

4. समय-समय पर जांचें अपनी क्रेडिट रिपोर्ट

कई लोग अपनी क्रेडिट रिपोर्ट को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि इसमें दर्ज जानकारी आपके वित्तीय भविष्य को प्रभावित करती है। रिपोर्ट में किसी तरह की गलती या गलत एंट्री आपके क्रेडिट स्कोर को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए समय-समय पर अपनी रिपोर्ट की जांच करें और त्रुटि मिलने पर तुरंत सुधार करवाएं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें