Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

कैलिफोर्निया में मृत पाए गए भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया, छह दिन से थे लापता

February 15, 2026

कैलिफोर्निया में मृत पाए गए भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया, छह दिन से थे लापता

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य से एक दुखद खबर सामने आई है। 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया पिछले छह दिनों से लापता थे, जो अब मृत पाए गए हैं। इस बात की पुष्टि सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने की है। दूतावास ने परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है और पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, साकेत को आखिरी बार 9 फरवरी को यूनिवर्सिटी कैंपस से करीब एक किलोमीटर दूर देखा गया था। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला, जब वे घर नहीं लौटे तो परिवार और दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय समुदाय ने मिलकर बड़े स्तर पर खोज अभियान चलाया। तलाश के दौरान एक पार्क के पास स्थित एक घर में उनका बैग मिला, जिसमें पासपोर्ट और लैपटॉप मौजूद थे। इससे मामला और गंभीर हो गया था।

करीब छह दिन की तलाश के बाद 14 फरवरी को स्थानीय पुलिस ने लेक एंजा क्षेत्र से साकेत का शव बरामद किया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि 15 फरवरी को की गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

साकेत श्रीनिवासैया मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले थे। वे यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में केमिकल और बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा बेंगलुरु के श्री वाणी एजुकेशन सेंटर से पूरी की थी। वे पढ़ाई में मेधावी छात्र माने जाते थे और उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए थे।
साकेत के निधन से परिवार और समुदाय में गहरा शोक है।

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने अपने बयान में कहा है कि वे स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और परिवार को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी। साथ ही पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने की व्यवस्था की जा रही है। पिछले कुछ वर्षों में विदेशों में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों के लापता होने या असामयिक मौत के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे परिवारों में चिंता का माहौल बना हुआ है। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं, ताकि साकेत की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें