Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

होली पर यात्रियों को रेलवे का तोहफा, चलाई जाएंगी 300 से अधिक स्पेशल ट्रेनें

February 18, 2026

होली पर यात्रियों को रेलवे का तोहफा, चलाई जाएंगी 300 से अधिक स्पेशल ट्रेनें

Holi special train: होली का रंग चढ़ने से पहले ही दिल्ली-एनसीआर के रेलवे स्टेशनों पर घर लौटने की बेचैनी साफ दिखाई देने लगी है। बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटें हफ्तों पहले भर चुकी हैं, जबकि वेटिंग लिस्ट लगातार लंबी होती जा रही है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने इस बार रिकॉर्ड संख्या में होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है।

300 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनें
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस वर्ष होली पर 300 से ज्यादा विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन मुख्य रूप से आनंद विहार टर्मिनल, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। रेलवे का अनुमान है कि 28 फरवरी से यात्रियों की संख्या में तेज उछाल आएगा, क्योंकि इस बार होली 4 मार्च को मनाई जाएगी। बड़ी संख्या में लोग त्योहार से कुछ दिन पहले ही अपने गृह राज्यों के लिए रवाना हो जाएंगे।

ये भी पढ़ें- इन 3 राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, पहाडों में बर्फबारी, किसानों को सावधान रहने की सलाह!

 

पिछले साल से ज्यादा तैयारी
पिछले वर्ष होली के दौरान करीब 250 विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं। इस बार यात्रियों की संख्या में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए लगभग 20 प्रतिशत अधिक ट्रेनें चलाई जा रही हैं। अब तक करीब 100 ट्रेनों की घोषणा हो चुकी है, जबकि बाकी ट्रेनों की सूचना चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएगी। रेलवे सूत्रों का कहना है कि जिन रूटों पर मांग ज्यादा रहेगी, वहां अनारक्षित (जनरल) विशेष ट्रेनें भी तुरंत चलाई जाएंगी। इससे लंबी वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को राहत मिल सकेगी।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर खास ध्यान
पिछले वर्ष फरवरी में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई घटना के बाद इस बार सुरक्षा इंतजाम और सख्त किए गए हैं। तीनों प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त आरपीएफ और जीआरपी बल तैनात रहेगा। स्टेशनों पर एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत प्राथमिक उपचार मिल सके। इसके अलावा रेलवे अस्पतालों में 30 बेड आरक्षित रखे गए हैं।

ये भी पढ़ें- इन 2 राशियों पर आज का दिन बहुत भारी! धन की कमी-बाधाओं समेत अन्य समस्याएं भी

 

यात्रियों को राहत की उम्मीद
रेलवे की इस पहल से त्योहार पर घर जाने वालों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है। अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से न केवल वेटिंग लिस्ट कम होगी, बल्कि प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।

त्योहार की उमंग के बीच रेलवे की यह तैयारी लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है, जो रंगों के इस पर्व को अपने परिवार के साथ मनाने के लिए बेसब्री से घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें