एंटरटेनमेंट डेस्क: साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे Vijay Deverakonda और Rashmika Mandanna दोस्त से अब पति-पत्नी बन गए हैं। दोनों ने 26 फरवरी को उदयपुर में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी रचाई। लंबे समय से उनके रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लग गया है।
शादी के एक दिन बाद यह नया जोड़ा पहली बार सार्वजनिक रूप से साथ नजर आया। दोनों को एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया, जहां वे हाथों में हाथ डाले दिखाई दिए। इस दौरान दोनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। रश्मिका लाल रंग के अनारकली सूट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, जबकि विजय हल्के सफेद रंग के शॉर्ट कुर्ते और पैंट में नजर आए। दोनों ने मुस्कुराते हुए पैपराजी को पोज दिए और हाथ जोड़कर अभिवादन किया। फोटोग्राफर्स की शुभकामनाओं का जवाब भी उन्होंने हंसते हुए दिया। कपल ने फैंस के लिए फ्लाइंग किस भी दी। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
#WATCH | Newlyweds Vijay Deverakonda and Rashmika Mandanna arrive at Udaipur airport, greet their fans pic.twitter.com/ZRJAFVUrYz
— ANI (@ANI) February 27, 2026
आठ साल के रिलेशनशिप के बाद शादी
बताया जा रहा है कि विजय और रश्मिका पिछले करीब आठ साल से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे। 26 फरवरी को उन्होंने तेलुगु और कोडवा परंपराओं के अनुसार शादी की रस्में पूरी कीं। उनके चाहने वाले लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही दोनों ने अपनी शादी की तस्वीरें साझा कीं, सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया।
फिल्म के सेट पर शुरू हुई थी कहानी
दोनों की पहली मुलाकात 2018 में आई फिल्म Geetha Govindam के सेट पर हुई थी। फिल्म की सफलता के बाद उनकी जोड़ी को काफी पसंद किया गया। इसके बाद दोनों 2019 में रिलीज हुई फिल्म Dear Comrade में भी साथ नजर आए। इसी दौरान दोनों की दोस्ती गहरी होती गई और धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई। हालांकि, अपने रिश्ते को लेकर दोनों ने कभी खुलकर बयान नहीं दिया, लेकिन कई मौकों पर उन्हें साथ देखा गया। अब शादी के बाद यह जोड़ी आधिकारिक रूप से एक हो चुकी है और फैंस उन्हें नई जिंदगी की शुभकामनाएं दे रहे हैं।