
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में वसंत ऋतु की रंगत उस समय और निखर गई जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में चार दिवसीय फ्लावर फेस्टिवल 2026 का भव्य उद्घाटन किया। इस पुष्पोत्सव का आयोजन एनडीएमसी द्वारा किया गया है। इस अवसर पर एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पहले लोग ट्यूलिप के फूल देखने कश्मीर जाते थे, लेकिन अब दिल्लीवासी राजधानी में ही रंग-बिरंगे ट्यूलिप और अन्य आकर्षक पुष्पों का आनंद ले सकते हैं। उन्होंने इस आयोजन को सेल्फी फेस्टिवल बताते हुए कहा कि यह नागरिकों के लिए खुशी और उत्साह का विशेष अवसर है। फेस्टिवल में 48 प्रजातियों के 15,500 से अधिक पोटेड प्लांट्स को 18 थीम आधारित सेक्शनों में प्रदर्शित किया गया है।
डहेलिया, पेटूनिया, पैंसी, साल्विया और मैरीगोल्ड जैसे मौसमी फूल विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। साथ ही ट्रे गार्डन, लैंडस्केप गार्डन, टेरारियम, इकेबाना शैली की सजावट, पशु-पक्षी आकृतियों वाले फ्लोरल फिगर और पिरामिड व हार्ट शेप संरचनाएं लोगों को आकर्षित कर रही हैं। 3 से 6 मार्च तक चलने वाला यह उत्सव आम जनता के लिए नि:शुल्क खुला है, जहां बागवानी से जुड़ी सामग्री की बिक्री के लिए भी विशेष स्टॉल लगाए गए हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...