
नई दिल्ली: क्रिसिल इंटैलिजैंस की शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार फरवरी में घर पर पकाई गई शाकाहारी थाली की कीमत में सालाना आधार पर कोई बदलाव नहीं हुआ, जबकि मांसाहारी थाली की कीमत में 3 प्रतिशत की गिरावट आई। रिपोर्ट के अनुसार आलू, प्याज और दालों की कीमतों में कमी के बावजूद टमाटर महंगा होने से शाकाहारी थाली की लागत स्थिर रही। अधिक आवक के कारण प्याज की कीमतों में पिछले वर्ष की तुलना में 24 प्रतिशत और आलू की कीमतों में 13 प्रतिशत की गिरावट आई।
चालू वित्त वर्ष में अधिक ओपनिंग स्टॉक के कारण दालों की कीमतों में भी सालाना आधार पर 9 प्रतिशत कमी आई। रिपोर्ट में कहा गया कि घर पर थाली बनाने की औसत लागत की गणना उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम भारत में कच्चे माल की कीमतों के आधार पर की जाती है। मासिक बदलाव आम आदमी के खर्च पर पड़ने वाले प्रभाव को दर्शाता है। मांसाहारी थाली की कीमत में गिरावट का मुख्य कारण ब्रॉयलर की कीमतों में सालाना आधार पर अनुमानित 7 प्रतिशत कमी है। ब्रॉयलर की कीमतें मांसाहारी थाली की कुल लागत का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा होती हैं।