Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

उच्च शिक्षा के दौरान स्टाफ नर्सो को मिलेगा पूरा वेतन : CM Sukhu

March 11, 2026

उच्च शिक्षा के दौरान स्टाफ नर्सो को मिलेगा पूरा वेतन : CM Sukhu

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश में स्टाफ नर्सो को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के दौरान अब 40 प्रतिशत के स्थान पर पूरा वेतन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री बुधवार को आईजीएमसी शिमला में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले महीने चिकित्सा शिक्षा विभाग में 80 सहायक प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आने वाले एक वर्ष में स्वास्थ्य विभाग में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा और इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए तेजी से काम कर रही है और अस्पतालों में आधुनिक तकनीक उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी और अत्याधुनिक एमआरआई जैसी सुविधाएं स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आउटसोर्स आधार पर भर्तियों को बंद करना चाहती है, क्योंकि इससे युवाओं का शोषण होता है।

इसके स्थान पर नियमित स्टाफ नर्सो के साथ सहायक स्टाफ नर्सो के पद भी सृजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार मिल सके। बैचवाइज आधार पर नर्सो की भर्ती भी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि विदेश में रोजगार के लिए जाने वाले युवाओं की निगरानी के लिए राज्य सरकार ने ओवरसीज भर्ती विभाग भी बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और पंचायती राज संस्थाओं में 57.5 प्रतिशत महिलाएं चुनी गई हैं, जो गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की बेटियां निरंतर प्रगति कर रही हैं और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नसिर्ंग स्कॉलर सोसाइटी को पांच लाख रुपए देने की घोषणा भी की। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, विधायक हरीश जनारथा एमसी मेयर सुरेंद्र चौहान, एडीएम ज्योति राणा, आईजीएमसी प्रिंसिपल डॉ. सीता ठाकुर व अन्य शामिल रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें