नेशनल डेस्क: महाकुंभ के दौरान सोशल मीडिया पर चर्चा में आईं वायरल गर्ल मोनलिसा इन दिनों अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से केरल में शादी कर ली है। हालांकि इस शादी को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है। मोनालिसा के परिवार ने इस रिश्ते पर नाराजगी जताई है, वहीं उन्हें एक्टिंग का मौका देने वाले निर्देशक सनोज मिश्रा ने इस शादी को ‘लव जिहाद’ तक बता दिया है। लगातार हो रही आलोचनाओं के बीच मोनालिसा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात सामने रखी और साफ किया कि उनकी शादी पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई है।
शादी को लेकर उठे विवाद के बाद मोनालिसा ने मीडिया से खुलकर बात की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केरल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोनालिसा ने कहा कि उनकी शादी को गलत तरीके से ‘लव जिहाद’ बताया जा रहा है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने हिंदू परंपराओं के अनुसार शादी की है और वह सभी धर्मों का सम्मान करती हैं। उनके अनुसार हर धर्म बराबर है और किसी भी धर्म में नफरत की शिक्षा नहीं दी जाती।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोनालिसा ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई पहलुओं पर भी बात की। शुरुआत में फरमान खान उनसे शादी नहीं करना चाहते थे, लेकिन उन्होंने खुद इस रिश्ते के लिए पहल की। उनके परिवार वाले उनकी शादी किसी और लड़के से कराना चाहते थे, जो उनकी बुआ का बेटा था। उन्हें वह रिश्ता पसंद नहीं था, क्योंकि वह उन्हें भाई जैसा लगता था। इसी वजह से उन्होंने वह शादी करने से इनकार कर दिया और अपनी पसंद से फरमान खान से विवाह करने का फैसला लिया।
मोनालिसा ने यह भी बताया कि उनके पिता उनके साथ केरल तक आए थे, लेकिन उन्होंने शादी समारोह में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि वह उनसे मिले जरूर थे। उनके पिता अभी भी नाराज हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा।
वहीं मोनालिसा के पति फरमान खान ने भी विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी शादी को बेवजह ‘लव जिहाद’ का नाम दिया जा रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि दोनों ने अपनी-अपनी आस्था नहीं बदली है। न तो उन्होंने धर्म परिवर्तन किया है और न ही मोनालिसा ने। प्यार में धर्म बदलना जरूरी नहीं होता और दोनों एक-दूसरे के धर्म और भावनाओं का सम्मान करते हैं।
फरमान खान ने अपने करियर के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह भी अभिनय से जुड़े हुए हैं और फिल्म इंडस्ट्री में छोटे-मोटे रोल करते हैं। वह मलयालम और तमिल फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता मोनालिसा की खुशी है और वह उनसे बहुत प्यार करते हैं।
मोनालिसा ने इस दौरान केरल पुलिस का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि शादी के दौरान पुलिस ने उनकी काफी मदद की और उन्हें सुरक्षा भी दी। जानकारी के मुताबिक, फरमान खान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रहने वाले हैं।
उम्र को लेकर उठ रहे सवालों पर भी दोनों ने सफाई दी। फरमान खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोनालिसा के दस्तावेज दिखाते हुए बताया कि वह बालिग हैं। उन्होंने मोनालिसा का जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड भी मीडिया को दिखाया। इस पर मोनालिसा ने भी कहा कि उनकी उम्र 18 साल है और उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है।
फरमान खान ने यह भी बताया कि उन्होंने अपनी शादी कानूनी रूप से रजिस्टर भी करवा ली है। उनका कहना था कि अगर मोनालिसा नाबालिग होतीं तो शादी का रजिस्ट्रेशन संभव नहीं होता, जब उनसे पूछा गया कि क्या वे दोनों केरल में ही रहेंगे, तो फरमान ने कहा कि यह फैसला उनकी पत्नी मोनालिसा की इच्छा पर निर्भर करेगा। इस पर मोनालिसा ने कहा कि उन्हें केरल बहुत पसंद आया है और वह फिलहाल वहीं रहना चाहती हैं।