Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

इस राज्य में दिनदहाड़े गैंगस्टर की हत्या, हाईवे पर घेरकर धारदार हथियारों से हमला

March 14, 2026

इस राज्य में दिनदहाड़े गैंगस्टर की हत्या, हाईवे पर घेरकर धारदार हथियारों से हमला

नेशनल डेस्क। केरल के कोल्लम जिले में शनिवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात में कुख्यात गैंगस्टर अलुवा अतुल की राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेरकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक यह हमला दो गैंगों के बीच लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी का नतीजा माना जा रहा है।

ये भी देखें :-

पुलिस के अनुसार, अतुल हाल ही में एक चर्चित हत्या मामले में जमानत पर बाहर आया था। जमानत की शर्त के तहत वह करुणागप्पल्ली पुलिस स्टेशन में हाजिरी लगाने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे पुथियाकावु के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक यह हमला हुआ। बताया गया है कि हरियाणा नंबर की एक इनोवा कार में सवार बदमाशों ने अतुल की कार का पीछा किया और पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण अतुल की कार हाईवे निर्माण के लिए खोदी गई खाई में जा गिरी।

घटना के सीसीटीवी फुटेज में चार हमलावर इनोवा से उतरते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथों में माछेटे और अन्य धारदार हथियार थे। हमलावरों ने अतुल को कार से बाहर खींचकर व्यस्त हाईवे के बीच कई बार हमला किया और मौके से फरार हो गए। अतुल के साथ कार में मौजूद मनु नामक व्यक्ति भी इस हमले में घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल अतुल को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, यह हमला करुणागप्पल्ली–ओचिरा क्षेत्र में सक्रिय दो गैंगों के बीच चल रही पुरानी रंजिश का हिस्सा हो सकता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर कथित तौर पर जिम संतोष के सहयोगी थे, जिनकी हत्या का मुख्य आरोपी अतुल था। जिम संतोष की 27 मार्च 2025 को उनके घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि अतुल के नेतृत्व वाले गैंग ने घर की बिजली काट दी, दहशत फैलाने के लिए विस्फोटक फेंके और संतोष को उनकी मां के सामने ही मार डाला था।

हाल ही में अतुल को जमानत मिलने से संतोष के समर्थकों में नाराजगी थी। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखकर इस हमले की साजिश रची थी। दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने कोल्लम जिले में सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपियों की तलाश में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच कर संगठित अपराध और नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े संभावित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

ये भी पढे़ं :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें