इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान के कराची में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 21 लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस और राहत एजेंसियों के मुताबिक, तूफान के दौरान हवा की रफ्तार करीब 97 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई, जिससे हालात बेहद खतरनाक हो गए।

सबसे ज्यादा नुकसान बाल्डिया टाउन इलाके में हुआ, जहां एक दीवार गिरने से 13 लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि ये लोग बारिश और तेज हवाओं से बचने के लिए दीवार के पास खड़े थे, लेकिन अचानक तेज झोंकों के कारण दीवार ढह गई और सभी उसकी चपेट में आ गए। इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में भी हादसे हुए। कुरंगी नंबर 3 में एक महिला की मौत घर की छत गिरने से हुई, जबकि मेमन गोठ इलाके में एक व्यक्ति की जान बिजली का करंट लगने से चली गई। गुलिस्तान-ए-जौहर में एक चार साल की बच्ची दीवार गिरने की वजह से मारी गई। वहीं नीलम कॉलोनी में एक महिला पर पेड़ गिरने से उसकी मौत हो गई।

तूफान का असर पूरे शहर में देखने को मिला। तेज हवाओं ने कई जगह पेड़ों को उखाड़ दिया, घरों की छतें उड़ गईं और बिजली के खंभे गिर गए। सड़कों पर मलबा फैल गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राहत और बचाव कार्य के लिए रेस्क्यू 1122 की टीमें लगातार काम कर रही हैं। वे मलबा हटाने और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं। मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी खराब मौसम की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों में ही रहें और बिना जरूरी काम के बाहर न निकलें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

मेष: दिन शुभ रहेगा...