
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के छाता इलाके में एक प्रसिद्ध गोसेवक बाबा चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के बाद शनिवार सुबह हालात तनावपूर्ण हो गए। उनकी मौत की खबर फैलते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साई भीड़ ने दिल्ली-आगरा हाईवे को जाम कर दिया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिससे कई पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त बल और सेना की टुकड़ी को भी तैनात किया गया।
कौन थे फरसा वाले बाबा
बाबा चंद्रशेखर मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के गोपाल का नगला गांव के रहने वाले थे। उन्होंने गोरक्षा के लिए फरसा लेकर काम करना शुरू किया, जिसके कारण उन्हें ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से पहचान मिली। उन्होंने गांव-गांव जाकर गोसेवकों की टीम तैयार की थी और करीब 200 युवाओं का एक समूह उनके साथ जुड़ा हुआ था। इसके अलावा बड़ी संख्या में उनके अनुयायी भी थे, जो गोसेवा के कार्यों में सक्रिय रहते थे।
बताया जाता है कि बाबा चंद्रशेखर ने बहुत छोटी उम्र में ही सन्यास ले लिया था। महज आठ साल की उम्र में माता-पिता के निधन के बाद उन्होंने घर छोड़ दिया और संत बन गए। इसके बाद वे अयोध्या पहुंचे और श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन में भी हिस्सा लिया। करीब 20 साल तक वहां रहने के बाद वे ब्रज क्षेत्र में आ गए, जहां उन्होंने गोसेवा का संकल्प लिया और एक बड़ी गोशाला का संचालन शुरू किया।
मथुरा के छाता ब्लॉक के आजनोख गांव में उनकी एक बड़ी गोशाला है, जहां वे गायों की सेवा करते थे। उनके इस काम से प्रभावित होकर आसपास के कई लोग भी उनसे जुड़ गए थे। गोपाष्टमी के मौके पर वे हर साल बड़े स्तर पर आयोजन करते थे, जिसमें दूर-दूर से गोसेवक और श्रद्धालु शामिल होते थे।
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात बाबा चंद्रशेखर को इलाके में गो-तस्करों की सक्रियता की सूचना मिली थी। इसके बाद वे अपनी टीम के साथ तस्करों का पीछा करने निकल पड़े। बताया जा रहा है कि कोसीकलां थाना क्षेत्र के नवीपुर गांव के पास तस्करों ने अपनी गाड़ी से उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। हिंदू संगठनों और गोसेवकों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...