
लाडवा : लाडवा-बाबैन रोड स्थित साईं कॉलोनी के नजदीक बह रही राक्षी नदी के पास पशुओं के खुर और हड्डियां मिलने से पूरे शहर में हडकंप मच गया। जैसे ही इस घटना की सूचना फैली, आसपास के लोग मौके पर इकठा हो गए और क्षेत्र में तरह-तरह की चचार्एं शुरू हो गईं। पहले से ही इंद्री क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर में गोवंश के अवशेष मिलने के मामलों से माहौल संवेदनशील बना हुआ था, ऐसे में लाडवा में इस तरह की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
स्थानीय निवासी व गौ सेवक देवराज, जितेन्द्र राणा, बलकार सिंह, राहुल, प्रिंस, विशाल, विजय आदि ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इंद्री में नदी किनारे संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं। शनिवार को जब लोगों ने वहां पशुओं की हड्डियां और खुर पड़ी देखी तो मामला गंभीर हो गया। मौके के पास झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों की मौजूदगी भी सामने आई है, जिससे पूरे मामले को लेकर संदेह और गहराता नजर आ रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही शनि मंदिर के पुजारी ने तुरंत डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
वहीं सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुरनाम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वहां से पशुओं की हड्डियों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि अवशेष पुराने हैं या हाल ही के। वहीं, पीड़ित गौवंश उपचार सेवा समिति के प्रधान रोहित महंत ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह का कृत्य करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू समाज से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...