Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

15वीं पंचवर्षीय योजना में चीन की राजकोषीय नीति उच्च गुणवत्ता वाले विकास पर केंद्रित होगी: चीनी वित्त मंत्री

March 23, 2026

15वीं पंचवर्षीय योजना में चीन की राजकोषीय नीति उच्च गुणवत्ता वाले विकास पर केंद्रित होगी: चीनी वित्त मंत्री

इंटरनेशनल डेस्क: 22 मार्च को पेइचिंग में उद्घाटित चीन विकास मंच के 2026 वार्षिक सम्मेलन में चीनी वित्त मंत्री लान फोआन ने कहा कि 15वीं पंचवर्षीय योजना अवधि में प्रवेश करते हुए चीन की राजकोषीय नीति उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा देने और सक्रिय नीतिगत रुख बनाए रखने पर केंद्रित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीति-निर्माण और उसके क्रियान्वयन में घरेलू मांग को बढ़ाना, जनकल्याण में निवेश बढ़ाना तथा खुलेपन और साझा विकास को प्रोत्साहित करना प्रमुख प्राथमिकताएँ होंगी।

लान फोआन ने अगले पांच वर्षों के लिए राजकोषीय नीति की दिशा पर विस्तार से बताते हुए कहा कि आवश्यक घाटे के स्तर और व्यय के आकार को बनाए रखते हुए प्रतिचक्रीय और अंतरचक्रीय समायोजन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यय संरचना को निरंतर अनुकूलित किया जाएगा, वैज्ञानिक राजकोषीय प्रबंधन को सुदृढ़ किया जाएगा, तथा राजकोषीय संसाधनों के बेहतर आवंटन के लिए प्रमुख क्षेत्रों और महत्वपूर्ण कड़ियों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

उनके अनुसार, इसका उद्देश्य नीतियों की सटीकता और प्रभावशीलता को लगातार बेहतर बनाना है, ताकि अर्थव्यवस्था में गुणात्मक सुधार और उचित मात्रात्मक वृद्धि दोनों को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि राजकोषीय नीति घरेलू मांग को बढ़ाने, आंतरिक परिसंचरण को सुचारु बनाने और आंतरिक विकास-गति को मजबूत करने पर अधिक बल देगी।

वर्तमान आर्थिक संचालन में आपूर्ति अधिक और मांग अपेक्षाकृत कमजोर होने के प्रमुख विरोधाभास को दूर करने के लिए घाटे से होने वाले व्यय, विशेष प्रयोजन बांड और ऋण ब्याज अनुदान जैसे नीतिगत उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। इससे राजकोषीय और वित्तीय नीतियों के बीच समन्वय को सुदृढ़ किया जाएगा, संभावित उपभोग को प्रोत्साहन मिलेगा, प्रभावी निवेश बढ़ेगा और एक सशक्त घरेलू बाजार के निर्माण में मदद मिलेगी।

लान फोआन ने आगे कहा कि सरकार आने वाले पांच वर्षों में अपनी क्षमता के अनुरूप अधिकतम प्रयास करने के सिद्धांत का पालन करते हुए जनहित में निवेश बढ़ाएगी। इसके तहत लोगों की आजीविका की गारंटी और उसमें सुधार के प्रयासों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा, राजकोषीय व्यय में सार्वजनिक सेवा व्यय का अनुपात यथोचित रूप से बढ़ाया जाएगा और आजीविका से जुड़े क्षेत्रों में सरकारी निवेश का हिस्सा भी बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे एक ओर जन-आवश्यकताओं की बेहतर पूर्ति होगी, वहीं दूसरी ओर विकास की नई संभावनाएँ भी व्यापक होंगी।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें