Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL में महंगे साबित हुए ये 5 गेंदबाज, एक मैच में लुटाए 70+ रन

March 23, 2026

IPL में महंगे साबित हुए ये 5 गेंदबाज, एक मैच में लुटाए 70+ रन

खेल डेस्क: टी20 फॉर्मेट बल्लेबाजों का खेल है, जिसमें अक्सर गेंदबाजों की धुनाई देखी जाती है। आइए, ऐसे ही 5 बदनसीब गेंदबाजों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने एक ही आईपीएल मैच में 70 से ज्यादा रन लुटा दिए।

जोफ्रा आर्चर:
राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए जोफ्रा आर्चर ने 23 मार्च 2025 को सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध महज 4 ओवरों में 76 रन लुटा दिए। इस दौरान तेज गेंदबाज को एक भी विकेट नसीब नहीं हुआ। 286/6 का स्कोर बनाने के बाद राजस्थान रॉयल्स को 242/6 के स्कोर पर रोककर सनराइजर्स हैदराबाद ने मैच 44 रन से अपने नाम किया था।

मोहम्मद शमी:
इस तेज गेंदबाज ने 12 अप्रैल 2025 को सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए पंजाब किंग्स के विरुद्ध 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें बगैर कोई विकेट हासिल किए 75 रन लुटाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 6 विकेट खोकर 245 रन बनाए, जिसके जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 विकेट शेष रहते 18.3 ओवरों में जीत दर्ज कर ली।

विल ओ’रूर्के:
लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए इस तेज गेंदबाज ने 4 ओवरों में 74 रन लुटाए। हालांकि, इस दौरान 2 विकेट भी हासिल किए, लेकिन टीम ने मैच गंवा दिया। 27 मई 2025 को खेले गए इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 227 रन बनाए। इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18.4 ओवरों में 6 विकेट शेष रहते जीत दर्ज कर ली।

मोहित शर्मा:
24 मई 2024 को गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 4 ओवरों में 73 रन लुटा दिए, उन्हें कोई विकेट भी हाथ नहीं लगा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 4 विकेट खोकर 224 रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस निर्धारित ओवरों में 8 विकेट गंवाकर 220 रन ही बना सकी। कैपिटल्स ने 4 रन के करीबी अंतर से मैच जीता।

बेसिल थंपी:
सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए थंपी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 4 ओवरों में 70 रन लुटा दिए। इस दौरान उन्हें एक भी विकेट हाथ नहीं लग सका। 17 मई 2018 को खेले गए इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 6 विकेट खोकर 218 रन बनाए। इसके जवाब में सनराइजर्स 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 204 रन ही जुटा सकी। आरसीबी ने मुकाबला 14 रन से अपने नाम किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें