Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana News : शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास की उठाई मांग

April 2, 2026

Haryana News : शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास की उठाई मांग

करनाल। नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सग्गा के युवाओं और ग्रामवासियों ने क्षेत्र के विधायक भगवान दास कबीरपंथी को गांव के समग्र विकास के लिए ज्ञापन सौंपा।

पीएचसी में हों पर्याप्त दवाएं

इसके माध्यम से ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पशु चिकित्सा, सड़क और सामाजिक विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए त्वरित समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गाँव में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का गंभीर अभाव है। ग्राम में स्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ, दवाएं, उपकरण और एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध नहीं है।

पीएचसी का भवन भी अभी अधूरा

इतना ही नहीं, लगभग 20 कनाल भूमि पर शुरू किया गया PHC भवन निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जो अब जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। ग्रामीणों ने मांग की कि इस भवन का तकनीकी निरीक्षण करवाकर पुनर्निर्माण किया जाए और जल्द से जल्द पूर्ण चिकित्सा सेवाएं शुरू की जाएं। शिक्षा के क्षेत्र में भी ग्रामवासियों ने कई अहम मुद्दे उठाए। उन्होंने बताया कि राजकीय विद्यालय में पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के बावजूद मेडिकल, नॉन-मेडिकल और कॉमर्स संकाय शुरू नहीं किए हैं।

नहीं है डिजिटल शिक्षा सुविधा

इसके अलावा विद्यालय में शौचालय, कक्षाओं, पंखों, पुस्तकालय, खेल सामग्री और डिजिटल शिक्षा सुविधाओं का भी अभाव है। ग्रामीणों ने विद्यालय को उन्नयन योजनाओं में शामिल कर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।

स्टेडियम भी अब तक अधूरा

खेल सुविधाओं को लेकर युवाओं ने विशेष चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि लगभग 25 एकड़ भूमि स्टेडियम के पास उपलब्ध है, लेकिन वर्तमान स्टेडियम अधूरा है। युवाओं ने इसे विकसित कर बहुउद्देश्यीय खेल परिसर बनाने की मांग रखी, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ी बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।

पशु अस्पतालों में नहीं पर्याप्त दवाएं

पशु चिकित्सा सेवाओं पर भी ग्रामीणों ने ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सालय में दवाओं और उपकरणों की कमी है, जिससे पशुपालकों को परेशानी होती है। साथ ही गाँव में गोशाला निर्माण और सरकारी सांड उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।

पुस्तकालय भी हो स्थापित

सामाजिक और सामुदायिक विकास के अंतर्गत ग्रामीणों ने कन्याओं के विवाह वाले परिवारों को अस्थायी कृषि उपयोग हेतु 1–2 किल्ला भूमि उपलब्ध कराने की नीति बनाने, दिव्यांग व्यक्तियों को ग्राम स्तरीय कार्यों में प्राथमिकता देने, वृक्षारोपण अभियान चलाने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मजबूत करने तथा सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने की मांग भी रखी।

समस्याएं सुन दिया आश्वासन

इस अवसर पर विधायक भगवान दास कबीरपंथी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

Also Read : हरियाणा में आशियाने का सपना महंगा, कलेक्टर रेट लागू

Also Read : कबूतरबाजी में ठगी के शिकार युवक ने निगला जहर

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें