Punjab Weather Update: पंजाब में आज, 6 अप्रैल से मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बन रही है। विभाग ने आज के लिए ‘येलो अलर्ट’ जबकि आने वाले दो दिनों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यह अब सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कई जिलों में खराब मौसम की संभावना
आज राज्य के लगभग 20 जिलों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। इनमें से 14 जिलों में बारिश और 6 जिलों में आंधी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में तेज हवाओं (30–40 किमी/घंटा) के साथ बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ बना बदलाव की वजह
मौसम में यह बदलाव ‘पश्चिमी विक्षोभ’ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण हो रहा है, जो इस समय पाकिस्तान और पंजाब के आसपास प्रभावी है। इसके साथ ही, पंजाब के ऊपर बनी निम्न दबाव की रेखा (ट्रफ) अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे बारिश, गरज-चमक और बादलों की गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं। 8 अप्रैल तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
ये भी पढ़ें…
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में फिर से 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। कुल मिलाकर, आने वाले कुछ दिन पंजाब के लिए मौसम के लिहाज से काफी सक्रिय रहने वाले हैं, जहां लोगों को तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि के लिए तैयार रहने की जरूरत है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...