नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में बुधवार यानि आज भूकंप आने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। अचानक से जमीन कांपने लगी, जिससे डर कर लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह है कि कोई भी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.4 दर्ज की गई है। सेंधवा और ग्राम मोहीपुरा में झटकों के बाद लोग सतर्क होकर घरों से बाहर आ गए। स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।
कलेक्टर जयति सिंह ने बताया कि भूकंप के झटकों की सूचना मिलते ही अधिकारियों को मौके पर भेजा जा रहा है, ताकि स्थिति का जायजा लिया जा सके। फिलहाल कहीं से किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है।
भूकंप मापी केंद्र के अनुसार, कंपन हल्का था लेकिन लोगों में भी डर का माहौल देखा गया। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।