Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal: सिरमौर में भीषण हादसा, भंगाल खड्ड में गिरी कार, एक व्यक्ति की मौत

April 9, 2026

Himachal: सिरमौर में भीषण हादसा, भंगाल खड्ड में गिरी कार, एक व्यक्ति की मौत

हिमाचल डेस्कः जिला सिरमौर की शिलाई विधानसभा क्षेत्र के रोनहाट में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कार भंगाल खड्ड में गिरने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

ये भी पढ़ें :-

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायल व्यक्ति को मौके से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। घायल की पहचान 32 वर्षीय अजय धीमान पुत्र सूरत सिंह, निवासी शरोग, पोस्ट ऑफिस कांडो भटनोल, तहसील शिलाई के रूप में हुई। घायल को तुरंत उपचार के लिए सीएचसी रोनहाट ले जाया गया, जहां से उसे आगे शिलाई अस्पताल रेफर किया गया। शिलाई अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान अजय धीमान की मौत हो गई।

गौरतलब है कि गिरिपार क्षेत्र में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रोनहाट पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को एक और हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अनियंत्रित होकर सीधे खड्ड में जा गिरी। रोनहाट पुलिस ने शिलाई अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिजनों के अनुसार, अजय के दो छोटे बच्चे हैं, जो अपने पिता का इंतजार करते रहे, लेकिन बाद में उनके रोने की आवाज़ से माहौल गमगीन हो गया।

अजय धीमान पेशे से पेंटर थे और साथ ही बजंतरी का काम भी करते थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर पैरापिट या क्रैश बैरियर लगाए गए होते, तो शायद यह हादसा टल सकता था और एक अनमोल जीवन बचाया जा सकता था। इस घटना की पुष्टि जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने की है।

ये भी पढ़ें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें