Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

आईपी यूनिवर्सिटी का 18वां दीक्षांत समारोह; 26,649 छात्रों को डिग्रियां, एलजी और सीएम ने किया सम्मानित

April 10, 2026

आईपी यूनिवर्सिटी का 18वां दीक्षांत समारोह; 26,649 छात्रों को डिग्रियां, एलजी और सीएम ने किया सम्मानित

नई दिल्ली : गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (जीजीएसआईपीयू) के 18वें दीक्षांत समारोह में गुरुवार को दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 26,649 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने अपने संबोधन में कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शिक्षा का समापन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में नई यात्रा की शुरुआत है।

उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अपनी शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उसमें तार्किक सोच, नवाचार और बदलते समय के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता विकसित करें। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका को अहम बताया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज के युवा ही विकसित भारत के ‘सारथी’ हैं और उनकी प्रतिभा देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

उन्होंने उच्च शिक्षा को विश्वस्तरीय बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और बताया कि शिक्षा बजट 19,326 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। साथ ही, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए हजारों छात्रों को मुफ्त कोचिंग दी जा रही है। समारोह में 22,932 स्नातक, 3,582 स्नातकोत्तर, 11 एमफिल और 124 पीएचडी डिग्रियां प्रदान की गईं। विशेष बात यह रही कि पीएचडी प्राप्त करने वालों में 70 प्रतिशत महिलाएं रहीं। इसके अलावा 76 गोल्ड मेडल और 6 मेमोरियल अवॉर्ड भी वितरित किए गए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें