Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

HP Gaurav Award 2026: हिमाचल गौरव पुरस्कार की घोषणा, डॉ. बृज शर्मा सहित ये हस्तियां होंगी सम्मानित

April 11, 2026

HP Gaurav Award 2026: हिमाचल गौरव पुरस्कार की घोषणा, डॉ. बृज शर्मा सहित ये हस्तियां होंगी सम्मानित

हिमाचल डेस्कः अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान, चमियाना के प्राचार्य डॉ. बृज शर्मा सहित चार हस्तियों को हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 15 अप्रैल को किन्नौर जिले के रिकांगपिओ में आयोजित राज्यस्तरीय हिमाचल दिवस कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर पद्मश्री से सम्मानित डॉ. प्रेम लाल गौतम, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ओपी शर्मा तथा बिलासपुर के मोरसिंघी से हैंडबॉल कोच स्नेहलता को भी सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. बृज शर्मा मूल रूप से घुमारवीं (बिलासपुर) के निवासी हैं। उनके प्रयासों से ही अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान, चमियाना में प्रदेश की पहली रोबोटिक सर्जरी सेवा शुरू हो सकी। एम्स दिल्ली में डीएम कोर्स के दौरान उत्कृष्ट रोगी सेवा के लिए उन्हें वर्ष 2009 में प्रधानमंत्री द्वारा “बेस्ट डीएम रेजिडेंट” सम्मान से नवाजा गया था। स्पीति घाटी में हेपेटाइटिस बी और सी की स्क्रीनिंग के दौरान उन्होंने इस क्षेत्र में हेपेटाइटिस की सर्वाधिक व्यापकता का खुलासा किया था।

बिलासपुर के प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रेम लाल गौतम को कृषि अनुसंधान, जैव विविधता संरक्षण तथा उन्नत फसल किस्मों (गेहूं, सोयाबीन, बाजरा आदि) के विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2026 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।

हमीरपुर जिले के रंगस निवासी वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ओपी शर्मा का भी चयन हिमाचल गौरव पुरस्कार के लिए किया गया है। उन्होंने 12 पुस्तकों की रचना की है, जिनमें हिमाचल के मंदिरों पर आधारित उनकी पुस्तक “देव भूमि हिमाचल” विशेष रूप से लोकप्रिय रही है। वे मानव संसाधन विकास मंत्रालय से सेवानिवृत्त हैं।

बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के मोरसिंघी की रहने वाली हैंडबॉल कोच स्नेहलता भी इस सम्मान के लिए चयनित हुई हैं। वे मोरसिंघी हैंडबॉल नर्सरी की संचालिका हैं। उन्होंने एक पथरीले क्षेत्र को हैंडबॉल मैदान में परिवर्तित कर 250 से अधिक बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया है, जिनमें से 80 से अधिक खिलाड़ी टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

इसके अतिरिक्त, सिविल सर्विस अवार्ड श्रेणी में जिला प्रशासन मंडी (उपायुक्त अपूर्व देवगन), डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस विभाग तथा एसडीएम बल्ह (मंडी) स्मृतिका नेगी को सम्मानित किया जाएगा।

प्रेरणा स्रोत सम्मान श्रेणी में जिला शिमला की चारू शर्मा और जिला किन्नौर की कुमारी छोंजिन आंगमो का चयन किया गया है। राष्ट्रीय स्तर की पैरा-एथलीट छोंजिन आंगमो ने 19 मई 2025 को माउंट एवरेस्ट फतह कर इतिहास रचा था। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की पहली और दुनिया की पांचवीं दृष्टिबाधित महिला पर्वतारोही बनीं। वर्ष 2024 में उन्हें राष्ट्रपति द्वारा “सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन” का राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्रदान किया गया था। उन्होंने 8 वर्ष की आयु में अपनी दृष्टि खो दी थी।

इसके साथ ही, विश्व विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम की हिमाचल से संबंधित खिलाड़ी—रितु नेगी (सिरमौर), साक्षी शर्मा (सिरमौर), पुष्पा (सिरमौर), भावना देवी (मंडी) और चंपा ठाकुर (चंबा) को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें